May a good source be with you.

बिहार: कन्हैया कुमार से टक्कर नहीं लेंगे BJP सांसद गिरिराज सिंह, बेगूसराय सीट से चुनाव लड़ने से किया इनकार

वाम मोर्चे ने कन्हैया कुमार को बेगूसराय सीट से उम्मीदवार बनाया है.

भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने बिहार की बेगूसराय सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है. यहां उनका मुकाबला सीपीआई नेता और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार के साथ होना था.

एबीपी न्यूज़ ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि वरिष्ठ नेताओं द्वारा मान मनौवल करने के बाद भी गिरिराज सिंह बेगूसराय सीट से कन्हैया कुमार से मुकाबला नहीं कर पा रहे. भाजपा सांसद और महासचिव नित्यानंद राय, भूपेन्द्र यादव सहित पांच वरिष्ठ नेताओं ने गिरिराज सिंह को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह राजी नहीं हुए. गिरिराज सिंह ने नवादा सीट से टिकट कटने को लेकर भी पार्टी हाइकमान से नाराज़गी जताई है.

बता दें कि वाम मोर्चे ने कन्हैया कुमार को बेगूसराय सीट से उम्मीदवार बनाया है. वहीं, नवादा सीट से सांसद गिरिराज सिंह को भाजपा इसी सीट पर उतारना चाहती थी. लेकिन, ऐसा लगता है कि गिरिराज सिंह ने बेगूसराय की लड़ाई शुरू होने से पहले ही हथियार डाल दिए हैं.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+