राहुल गांधी का बड़ा एलान: हर ग़रीब परिवार को सालाना 72 हजार रुपए की आमदनी देगी कांग्रेस सरकार
ये दुनिया की सबसे बड़ी न्यूनतम आय योजना होगी.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनावों के लिए बड़ा वादा किया है. राहुल गांधी ने कहा है कि उनकी सरकार बनने पर हर ग़रीब परिवार को 6,000 रुपए महीना यानी साल के 72,000 रुपए दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि यह मदद तबतक दी जाएगी, जबतक कि परिवार की आय 12,000 महीने नहीं हो जाती.
राहुल गांधी ने इसे मनरेगा पार्ट-2 बताया है. उन्होंने कहा है कि 2019 में उनकी सरकार बनने के बाद हर ग़रीब परिवार को न्यूनतम सम्मानजनक आमदनी दी जाएगी. राहुल गांधी ने कहा, “जो किसी देश में नहीं हुआ, हम लागू कर दिखायेंगे. देश के सबसे ग़रीब 20% लोगों को देंगे ₹72,000 हर साल. देश में 5 करोड़ ग़रीब परिवारों को मिलेंगे ₹72,000 सालाना. ये होगी दुनिया की सबसे बड़ी न्यूनतम आय योजना. पहले 14 करोड़ लोगों को ग़रीबी से निकाला है, दूसरे फ़ेज़ में अबकी बार 25 करोड़ लोगों को को गरीबी से निकालेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष का यह बयान लोकसभा चुनावों में गेम चेंजर साबित हो सकता है. इसके पहले मोदी सरकार हर पीएम-किसान योजना के तहत हर साल 6000 रुपए देने का वादा कर चुकी है. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि योजना के लिए पैसे की कमी नहीं है और उनकी सरकार बनते ही इसे लागू कर दिया जाएगा.