हमारी लड़ाई भाजपा से है, RJD-कांग्रेस और महागठबंधन से नहीं है कोई बैर: कन्हैया कुमार
कन्हैया कुमार ने कहा कि कट्टर सोच और नफ़रत की विचारधारा को हराने के लिए बिहार तैयार है.
सीपीआई नेता कन्हैया कुमार ने रविवार को पटना में प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार के बेगूसराय लोकसभा सीट से अपनी उम्मीदवारी और महागठबंधन के दलों के साथ तालमेल पर अपनी पूरी राय रखी. कन्हैया कुमार ने कहा कि उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और नफ़रत फैलाने वाली विचारधारा से है. कन्हैया ने कहा कि वह महागठबंधन के दलों के ख़िलाफ़ नहीं हैं.
कन्हैया कुमार ने कहा कि मुजफ़्फरपुर बालिका आवास गृह कांड पर सीपीएम ने प्रदर्शन किया था, इसमें राजद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए थे. इससे पता चलता है कि हम सभी दल एक साथ हैं.
कन्हैया कुमार ने कहा कि गिरिराज सिंह बात बात पर लोगों को पाकिस्तान भेजने की बात करते हैं. ऐसा लगता है कि वह पाकिस्तान के वीजा मंत्री हैं. इस बार बेगूसराय की जनता ने उन्हें हराने का फ़ैसला कर लिया है.
कन्हैया कुमार ने कहा कि हमारी लड़ाई भाजपा से है क्योंकि भाजपा के अलग अलग नेताओं ने कहा है कि इस बार अगर भाजपा जीतती है तो देश में चुनाव होना बंद हो जाएंगे.
गौरी लंकेश की हत्या, पत्रकारों पर हमले, नज़ीब के ग़ायब होना, गोरखपुर के अस्पताल में बच्चों की मौत, रोहित वेमुला की आत्महत्या के मामले पर भी मोदी सरकार को घेरा.
कन्हैया कुमार ने कहा कि उनके पार्टी की लड़ाई राजद, कांग्रेस, रालोसपा और हम जैसे दलों से नहीं है. उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई गिरिराज सिंह की कट्टरता के ख़िलाफ़ है और कट्टर सोच के ख़िलाफ़ युवा जोश जीत हासिल करेगा.
कन्हैया कुमार ने कहा कि वह राजद के उम्मीदवार तनवीर हसन के ख़िलाफ़ वोट नहीं मांगेंगे. उन्होंने कहा कि सभी दलों का एक ही लक्ष्य है भाजपा को हराना. कन्हैया ने कहा कि बिहार के लोगों का मूड है कि जो लोग भी भाजपा को हराएगा उसे वोट दिया जाएगा.