बेरोज़गारी, किसानों के मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है भाजपा: सचिन पायलट
सचिन पायलट ने कहा कि संप्रग गठबंधन लगातार मजबूत हो रहा है और वह अगली सरकार बनाने जा रहा है.
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने शनिवार को भाजपा पर आरोप लगाया कि वह आगामी लोकसभा चुनाव में वोट हासिल करने के लिए वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है.
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा मुद्दे को भटकाने की कोशिश लगातार कर रही है. किसी बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश करना और राष्ट्रवाद को दुबारा परिभाषित करना. जज्बाती मुद्दों को तूल देना … वह महंगाई, भ्रष्टाचार, रोजगार व किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है.’’
पायलट के अनुसार लेकिन भाजपा इसमें सफल नहीं होगी और जनता मतदान करते समय इन्हें जरूर याद रखेगी.
राजस्थान के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संप्रग गठबंधन लगातार मजबूत हो रहा है और वह अगली सरकार बनाने जा रहा है.