उत्तर प्रदेशः वो चिल्लाती रही ‘छोड़ दो मुझे’, बेख़ौफ़ युवक बनाते रहे विडियो, 10 दिनों तक पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई
जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना मेरठ के किठौर पुलिस स्टेशन से 50 मीटर की दूरी पर हुई थी.
कानून से बेख़ौफ़ 4 लड़कों द्वारा एक स्कूली छात्रा से बदसलूकी का विडियो सोशल मीडिया पर इन दिनों तेज़ी से वायरल हो रहा है. यह घटना मेरठ के किठौर में 10-12 दिन पहले हुई थी.
वायरल विडियो में स्कूली छात्रा अपना चेहरा किताब से छुपाते हुए चिल्ला रही है, छोड़ो मुझे…..जाने दो. लेकिन बेखौफ लड़के छात्रा के साथ लगातार बदसलूकी कर रहे हैं.
https://twitter.com/sachingupta787/status/1109306836312702977
दैनिक जागरण की ख़बर के अनुसार यह वायरल विडियो उत्तर प्रदेश के मेरठ ज़िले का है. यह वारदात किठौर थाने से मात्र 50 मीटर की दूरी पर अंजाम दिया गया था. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी गौरव को बीते शनिवार को गिरफ़्तार कर लिया है. जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
दैनिक जागरण के अनुसार आरोपित गौरव ने बताया कि यह घटना 10-12 दिन पहले की है. उस दिन छात्रा का अंतिम पेपर था और वह उससे मिलने आई थी. एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि विडियो सामने आने के बाद जब छात्रा से संपर्क किया गया तो उसने कार्रवाई से साफ इनकार कर दिया था. साथ ही चेतावनी दी थी कि अगर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की तो वह अपनी जान दे देगी.
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अविनाश पांडेय का कहना है कि एक विडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. जिसमें कुछ लड़के छात्रा को रोककर उससे बात करने की कोशिश कर रहे हैं. जो लड़की की मर्जी के ख़िलाफ़ प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि संज्ञान में सामने आ रहा है कि यह विडियो काफी पुराना है और किठौर थाना क्षेत्र के अधिकार में आता है. पुलिस ने आरोपियों के ख़िलाफ़ केस दर्ज कर लिया गया है और उन्हें जल्द गिरफ़्तार कर लिया जाएगा.
https://twitter.com/sachingupta787/status/1109313804473491456