May a good source be with you.

लोकसभा चुनाव 2019: कांग्रेस ने 35 उम्मीदवारों की 7 सूची की जारी, राज बब्बर फतेहपुर सीकरी से लड़ेंगे चुनाव

पिछले साल कांग्रेस में शामिल हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी को बिजनौर से उम्मीदवार घोषित किया गया है. 

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, जम्मू कश्मीर, तमिलनाडु, त्रिपुरा और पुडुचेरी के लिए सातवीं सूची जारी  करते हुए 35 उम्मीदवारों की घोषणा की  है.

इस सूची के मुताबिक पार्टी ने अब उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर को फतेहपुर सीकरी से उम्मीदवार बनाया है, हालांकि पहले उन्हें मुरादाबाद से उम्मीदवार घोषित किया गया था.

मशहूर शायर इमरान प्रतापगढ़ी को मुरादाबाद से उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं पिछले साल कांग्रेस में शामिल हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी को बिजनौर से उम्मीदवार घोषित किया गया है.

उत्तर प्रदेश में हाथरस से त्रिलोकी राम दिवाकर, आगरा से प्रीता हरित, बरेली से प्रवीण एरोन, हरदोई से बीरेंद्र कुमार वर्मा, बांदा से बालकुमार पटेल और कौशांबी से गिरीश चंद पासी चुनावी मैदान में उतरेंगे.

तेलंगाना की खम्मम सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी चुनाव लड़ेंगी.

इससे पहले कांग्रेस उत्तर प्रदेश एवं कुछ अन्य राज्यों के लिए छह बार में कुल 148 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है, जिनमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नाम भी शामिल हैं.

पीटीआई इनपुट्स के साथ

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+