खोखला है प्रधानमंत्री मोदी का “मैं भी चौकीदार” अभियान: शत्रुघ्न सिन्हा
श्रीमान यह महत्वपूर्ण नहीं है कि आप लाखों / सैकड़ों में संबोधित करें।
पटना साहिब से भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मैं भी चौकीदार” अभियान को “खोखला” बताते हुए गुरुवार को इस अभियान में “पंच” और विषय वस्तु में कमी होने का आरोप लगाया।
शत्रुघ्न ने गुरूवार को ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मैं भी चौकीदार” अभियान के बारे कहा कि श्रीमान यह महत्वपूर्ण नहीं है कि आप लाखों / सैकड़ों में संबोधित करें। महत्वपूर्ण यह है कि उनकी दुर्दशा को दूर करना, उन्हें बेहतर नियम, वेतनमान दिया जाना तथा उनकी जीवन शैली को बेहतर करना और गरिमा के साथ जीने के लिए प्रोत्साहित करना…।”
विभिन्न मुद्दों को लेकर पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बागी तेवर अपनाए हुए शत्रुघ्न ने आगे कहा ‘…चूँकि आप अब भी हमारे राष्ट्र के माननीय प्रधानमंत्री हैं, मैं आपके साथ हूँ … आपको ढेर सारा प्यार, शुभकामनाएँ और होली की शुभकामनाएँ। जय हिन्द।”