पहले चायवाला और अब चौकीदार, देश वाकई बदल रहा- मायावती ने पीएम मोदी पर कसा तंज
मायावती ने मैं भी चौकीदार मुद्दे को लेकर मोदी सरकार की खिंचाई की है.
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान पर बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने मंगलवार को तंज करते हुये कहा कि पिछले चुनाव में चायवाला और अब चौकीदार…, देश वाकई बदल रहा है.
मायावती ने आज ट्वीट किया ‘सादा जीवन उच्च विचार के विपरीत शाही अन्दाज में जीने वाले जिस व्यक्ति ने पिछले लोकसभा चुनाव के समय वोट की खातिर अपने आपको चायवाला प्रचारित किया था, वह अब इस चुनाव में वोट के लिये ही बड़े तामझाम और शान के साथ अपने आपको चौकीदार घोषित कर रहे हैं. देश वाकई बदल रहा है.’’
ग़ौरतलब है कि गंगा यात्रा पर निकलीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी सोमवार को चौकीदार मुद्दे पर मोदी को निशाने पर लिया था. नाम के आगे चौकीदार लगाने पर प्रियंका गांधी ने कहा था ‘‘ उनकी (प्रधानमंत्री मोदी की) मर्जी है कि वह अपने नाम के आगे क्या लगाएं. मुझे एक भाई ने कहा कि देखिए, चौकीदार तो अमीरों के होते हैं. हम किसान तो अपने चौकीदार खुद ही होते हैं.’’