May a good source be with you.

योजनाओं के प्रचार और ज़मीनी हक़ीकत में बहुत है फ़र्क, प्रियंका गांधी ने योगी आदित्यनाथ पर बोला हमला

प्रियंका गांधी ने कहा कि नौजवान से लेकर किसान और आशा-आंगनवाड़ी की महिलाओं तक को प्रताड़ित किया गया है.

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के दो साल पूरे होने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा पर करारा हमला किया है. प्रियंका गांधी ने कहा कि रिपोर्ट कार्ड और प्रचार बहुत अच्छा लगता है, लेकिन ज़मीन पर कहीं कुछ भी विकास नहीं हुआ है.

अमर उजाला के मुताबिक प्रियंका गांधी ने कहा, “रिपोर्ट कार्ड, प्रचार, लगता बहुत अच्छा है लेकिन ज़मीन पर कुछ नहीं है. मैं रोज़ लोगों से मिल रही हूं और मुझे यहीं पता लग रहा है कि छात्र, नौजवान, किसान, शिक्षामित्र सब प्रताड़ित हैं. वो जो प्रचार करते हैं और जो होता है, उसमें बहुत फ़र्क है.”

प्रियंका गांधी ने कहा कि चाहे नौजवान हो, छात्र हो, शिक्षामित्र हो, आंगनबाड़ी. आशा सब प्रताड़ित हैं.

दरअसल, प्रदेश में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी ने प्रेस कॉनफ्रेंस किया था. इस दौरान उन्होंने सरकार के दो साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया. योगी ने कहा कि पिछले दो वर्षों में राज्य में विकास का माहौल बना है. पहले प्रदेश की पहचान अपराध और अव्यवस्था से होती थी. सपा के शासनकाल में हर साल दंगे होते थे, लेकिन भाजपा की सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है.

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि यूपी की पहचान एक बीमारू राज्य के रूप मे होती थी. लेकिन, पिछले दो साल में प्रदेश की छवि बदली है. योगी आदित्यनाथ ने दावा किया था कि 86 लाख किसानों का कर्ज माफ किया गया है.

ग़ौरतलब है कि प्रियंका गांधी आम चुनाव के मद्देनज़र उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं, जहां वह जनता से रोज मिल रही हैं.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+