भाजपा को एक के बाद एक झटका, असम के वरिष्ठ नेता राम प्रसाद शर्मा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफ़ा
राम प्रसाद शर्मा ने लिखा कि, “मैने आज भाजपा छोड़ दी. मुझे भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं के लिए दुख हो रहा है, जिन्हें पार्टी के नए घुसपैठियों के चलते उपेक्षा का शिकार होना पड़ रहा है.”
आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. उत्तर पूर्वी राज्य असम के तेजपुर से मौजूदा सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शुमार राम प्रसाद शर्मा ने शनिवार को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया है.
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार इस्तीफ़ा देने के बाद राम प्रसाद ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा. जिसमें उन्होंने कहा कि, “भाजपा में नये घुसपैठिए आ गये है. जिनके कारण पार्टी पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रही है. इसके बाद उन्होंने लिखा की आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद की 15 साल और भाजपा की 29 साल तक सेवा करने के बाद वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा दिया हैं.”
अपने फे़सबुक पोस्ट में राम प्रसाद शर्मा ने लिखा कि, “मैने आज भाजपा छोड़ दी. मुझे भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं के लिए दुख हो रहा है, जिन्हें पार्टी के नए घुसपैठियों के चलते उपेक्षा का शिकार होना पड़ रहा है.”
वहीं, अपने दूसरे पोस्ट में उन्होंने लिखा कि, “ मुझे काफी अपमानजनक महसूस हो रहा है कि मेरा नाम सांसद और असम गोरखा सम्मेलन के अध्यक्ष का नाम प्रदेश भाजपा कमेटी की सूची में शामिल नहीं किया गया.”
शर्मा ने आगे कहा कि वह आगे भी संसदीय क्षेत्र के लोगों की सेवा करते रहेंगे.
बता दें कि राम प्रसाद शर्मा को तेजपुर सीट से संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल नहीं किया गया है. बल्कि असम सरकार में मंत्री और एनईडीए के संयोजक हिमंत बिस्वा शर्मा का नाम तेजपुर सीट के लिए चुना गया है. इसलिए यह उनके पार्टी छोड़ने के फैसले का कारण माना जा रहा है.