बेंगलुरु: स्कूल में सीवर टैंक की सफ़ाई करने के दौरान दम घुटने से एक व्यक्ति की मौत
घटना के बाद स्कूल के मालिक, प्रिसंपल और कॉर्डिनेटर को गिरफ़्तार कर लिया गया है.
देश में हर दिन कहीं न कहीं से सफ़ाईकर्मियों की मौत की ख़बरें सामने आती रहती हैं. बीते शनिवार को भी बेंगलुरु से भी एक ऐसी ही ख़बर आई, जिसमें एक स्कूल की सीवेज टंकी की सफ़ाई करते व्यक्ति की दम घुटने से मौत हो गई.
दी न्यूज़ मिनट के अनुसार घटना के बाद स्कूल के मालिक, प्रिंसिपल और कॉर्डिनेटर को गिरफ़्तार कर लिया गया है.
पुलिस के अनुसार,”व्यक्ति को स्कूल प्रशासन द्वारा सीवेज की सफ़ाई करने के लिए कहा गया. सफ़ाई करने के दौरान वह अकेला था. उसकी मदद करने के लिए कोई नहीं था. सीवेज टंकी में जब उसकी मौत हो गई तब उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया.”
मृतक सफ़ाईकर्मी की पत्नी का कहना है कि उसे मालूम नहीं था कि उसका पति सीवेज साफ़ करने का काम करता है. उसने इस काम को लेकर उसे कभी नहीं बताया. पत्नी के अनुसार उसके पति ने बताया था कि वह पाइपलाइन का काम करता है.
पुलिस के अनुसार, “इस मामले को लेकर तीन लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है. इसमें से एक को जमानत पर रिहा किया गया है, बाकी दो को न्यायिक हिरासत में रखा गया है.”
ग़ौरतलब है कि 1993 से किसी से भी मैनुअल स्कैवेंजिंग कराना कानून जुर्म है. इसेक लिए जुर्माना के साथ कारावास की सज़ा भी हो सकती है. इसके बावजूद देश में ऐसी घटनाएं दिन-प्रतिदिन घट रही हैं.