राजस्थान की सभी 25 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस: सचिन पायलट
पायलट ने संवाददाताओं से कहा, “प्रत्याशियों का चयन अंतिम चरण में है और 8 मार्च को नई दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के बाद बहुत कुछ स्पष्ट हो जाएगा.”
राजस्थान प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा है उनकी पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 25 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. पायलट ने संवाददाताओं से कहा, “प्रत्याशियों का चयन अंतिम चरण में है और 8 मार्च को नई दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के बाद बहुत कुछ स्पष्ट हो जाएगा.”
सचिन पायलट ने कहा कि उम्मीदवार का चयन पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और जीत के रिकॉर्ड के आधार पर किया जाएगा. पार्टी नेताओं के परिवार के सदस्यों, सांसदों और विधायकों के अलावा भी अन्य प्रत्याशियों की तलाश में है. हालांकि, पार्टी में शामिल करने से पहले कार्यकर्ताओं और लोगों की पसंद और उम्मीदवारों की जीत पर विचार किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है और आगे भी ऐसा ही करेगी.
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा भेजे गए नामों को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी की केंद्रीय समिति के पास तीन उम्मीदवारों का पैनल भेजा जाएगा.
पायलट ने केंद्र में भाजपा की अगुवाई वाली सरकार पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पिछले पांच वर्षों में लोकतांत्रिक संस्थानों को कमजोर और खोखला करने वाली ताकतों को हराने के लिए चुनाव लड़ रही है. यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण चुनाव है.
बता दें कि 2014 के आम चुनावों में भाजपा ने राजस्थान की सभी 25 सीटों पर जीत हासिल की थी.
वहीं, पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी कैंप पर भारतीय वायु सेना की हवाई हमले पर पायलट ने कहा कि आतंकवादियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई भारत के लिए गर्व की बात है और सुरक्षा बलों की वीरता पर सवाल उठाना सही नहीं है.
सचिन पायलट ने आगे कहा कि जवानों की कार्रवाई पर बीजेपी नेताओं द्वारा राजनीति करना ठीक नहीं है. ग़ौरतलब है कि भाजपा नेता बीएस येदुरप्पा ने पाकिस्तान में किए गए हवाई हमले के बाद कहा था कि इस एयर स्ट्राइक के बाद देश में मोदी लहर पैदा हो गयी है और इससे चुनाव में फायदा मिलेगा.
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित