भारत बंद पर बोले राज्यसभा सांसद मनोज झा- यदि इस बार मोदी सरकार आई तो संविधान का एक भी पन्ना नहीं बचेगा
मनोज झा ने कहा कि 13 प्वाइंट रोस्टर ये तय कर देगा कि अगली बार संसद मे कौन बैठेगा.
मोदी सरकार की दलित और आदिवासी विरोधी नीतियों के ख़िलाफ़ आज देश भर में बंद का आह्वान किया गया. भारत बंद के अन्तर्गत देश के अलग-अलग राज्यों में कई सामाजिक-शैक्षणिक संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया.
राजधानी दिल्ली में ‘दिल्ली यूनिवर्सिटी टीचर एसोसिएशन’ के बैनर तले 13 प्वाइंट रोस्टर को लेकर मंडी हाउस से संसद मार्ग तक विरोध मार्च निकाला गया. इसमें भारी संख्या में लोग शामिल हुए और 13 प्वाइंट रोस्टर के जगह फिर से 200 प्वाइंट रोस्टर लागूं करने की मांग की.
जंतर-मंतर पर हुए प्रोटेस्ट में शामिल राजसभा सांसद मनोज झा ने मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा,”13 प्वाइंट रोस्टर को नहीं हटाया गया तो 24 घंटे के अंदर सड़कों पर कोहराम मचेगा.”
उन्होंने आगे कहा कि “13 पॉइन्ट रोस्टर ये तय कर देगा कि अगली बार संसद मे कौन बैठेगा. यदि मोदी सरकार फिर से आ गई तो बाबा साहब के संविधान का एक भी पन्ना नहीं बचेगा”
उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार इस बार सत्ता में मोदी सरकार को आने से रोकना होगा.
बता दें कि कल राजद के युवा नेता तेजस्वी ने भी ट्वीट कर भारत बंद में शामिल होने की अपील की थी. उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर संविधान के सिद्धांतों के ख़िलाफ़ काम करने का आरोप लगाया था.
ग़ौरतलब है आज के भारत बंद को कई राजनीतिक दलों ने अपना समर्थन दिया है. भारत बंद के मुख्य मांगों में 13 प्वाइंट रोस्टर की जगह 200 प्वाइंट रोस्टर और गरीब सवर्णों को 10 फीसदी आरक्षण वापस लेने सहित 20 लाख आदिवासी परिवारों को वनभूमि से बेदखल करने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पूरी तरह निरस्त करने के लिए अध्यादेश लाया जाने की है.