नोबेल पुरस्कार विजेताओं ने कहा- समाप्त हो भारत और पाकिस्तान के बीच का तनाव
नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित भारतीय कैलाश सत्यार्थी के कार्यालय से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई है.
दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित सम्मान नोबल पुरस्कार से सम्मानित 59 लोगों ने भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों से आग्रह किया है कि इससे पहले कि हालात ‘‘पूर्ण युद्ध’’ की ओर बढ़ जाएं, उन्हें चाहिए कि वे ‘बढ़ रहे तनाव को कम करें.’’
नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित भारतीय कैलाश सत्यार्थी के कार्यालय से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई है. इसमें कहा गया है कि लॉरेट्स एडं लीडर्स फॉर चिल्ड्रेन्स नामक एक प्लेटफॉर्म के तत्वाधान में नोबल विजेताओं ने एक पत्र पर हस्ताक्षर करके यह अपील की है. यह पत्र शनिवार को भारत एवं पाकिस्तान के संयुक्त राष्ट्र के स्थाई प्रतिनिधियों को सौंपा गया.
बता दें कि जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ़ जवानों के एक काफिले पर आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक की थी, जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया था. पाकिस्तान ने भी भारत की वायु सीमा का उल्लंघन किया था.
(पीटीआई इनपुट्स पर आधारित)