बिहार: शहीद पिन्टू सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे कन्हैया कुमार, PM मोदी की चुनावी रैली में व्यस्त रहे भाजपा के सभी नेता
भाजपा के नेता और बिहार सरकार के सभी मंत्री संकल्प रैली में व्यस्त थे.
कश्मीर के हंदवाड़ा बॉर्डर पर शहीद हुए सीआरपीएफ़ इंस्पेक्टर पिंटू सिंह का शव जब उनके गृहराज्य बिहार पहुंचा, तब भाजपा के नेता और बिहार सरकार के सभी मंत्री संकल्प रैली में व्यस्त थे. लेकिन, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने पिंटू सिंह के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
While political executives of NDA govt in Bihar chose to skipped last rites of CRPF Jawan Pintu Singh in Bihar's Begusarai who was martyred in Handwara encounter, Former JNU Student Union President Kanhaiya Kumar offered salute. pic.twitter.com/eeZqJSwYS8
— ASHUTOSH MISHRA (@JournoAshutosh) March 3, 2019
दैनिक भास्कर की ख़बर के मुताबिक शहीद पिंटू सिंह के परिजनों को कन्हैया ने ढांढ़स बंधाते हुए कहा कि देश के लिए शहीद होने वाले सभी सपूतों पर हम गर्व करते हैं. दु:ख की इस घड़ी में बेगूसराय ही नहीं, बल्कि पूरा देश शहीदों के परिजनों के साथ खड़ा है. यहां कन्हैया ने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द जरूरी कार्रवाई कर लगातार हो रही गोलीबारी को तुरंत प्रभाव से रूकवाना चाहिए.
बता दें कि बेगूसराय के इस शहीद को सलामी देने के लिए बीजेपी व बिहार सरकार का कोई भी मंत्री व नेता नहीं पहुंचा था. राज्य के सभी मंत्री एनडीए की संकल्प रैली में व्यस्त थे. शहीद के पार्थिव शरीर को लेने एयरपोर्ट पर सिर्फ उनके परिजन पहुंचे थे.
बताया जा रहा है कि पिंटू के शहीद होने की सूचना भी रैली की वजह से नहीं दी जा रही थी. शहीदों के प्रति केंद्र और बिहार सरकार के इस रवैये की कड़ी आलोचना हो रही है.