तो क्या देशद्रोही हो गए गिरिराज सिंह? अपने ही बयानों में ऐसे फंस गए भाजपा सांसद
प्रधानमंत्री मोदी की पटना में हुई रैली में ना पहुंचकर गिरिराज सिंह अपने पुराने दावे के अनुसार देशद्रोही बन गए हैं.
बात बात पर देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांटने वाले और लोगों को पाकिस्तान चले जाने की सलाह देने वाले भाजपा सांसद गिरिराज सिंह अपनी जाल में खुद ही फंस गए हैं. प्रधानमंत्री मोदी की पटना में हुई रैली में ना पहुंचकर गिरिराज सिंह अपने पुराने दावे के अनुसार देशद्रोही बन गए हैं.
हाल ही में भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने बयान दिया था कि पटना में प्रधानमंत्री मोदी की संकल्प रैली में जो नहीं पहुंचेगा, वह देशद्रोही होगा. लेकिन, संयोग ऐसा हुआ कि गिरिराज सिंह खुद ही इस रैली में नहीं पहुंच सके. फेसबुक पर उन्होंने लिखा कि अस्वस्थ होने के कारण प्रधानमंत्री मोदी की सभा में नहीं जा सका. उन्होंने उम्मीद जताई है कि देश के विकास के लिए और दुश्मनों के मंसूबों को तोड़ने के लिए जनता पुन: नमो को प्रधानमंत्री बनाएगी.

बता दें कि गिरिराज सिंह अपने भड़काऊ बयानों के लिए जाने जाते हैं. मोदी सरकार पर सवाल उठाने वाले लोगों को अक्सर पाकिस्तान चले जाने की सलाह देने वाले गिरिराज सिंह, प्रधानमंत्री मोदी की रैली में ना आकर एक ऐसे मुहाने पर आकर खड़े हो गए हैं, जहां उनकी देशभक्ति पर सवाल उठने लगे हैं.