May a good source be with you.

उत्तर प्रदेश: भाजपा को झटका, कांग्रेस में शामिल हुईं बहराइच की सांसद सावित्री बाई फुले

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में फतेहपुर से पूर्व सांसद राकेश सचान भी कांग्रेस में शामिल हुए.

उत्तर प्रदेश के बहराइच से 16वीं लोकसभा की सदस्य सावित्री बाई फुले शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गईं. सावित्री ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव-प्रभारी (पूर्वी उत्तर प्रदेश) प्रियंका गांधी वाड्रा और महासचिव-प्रभारी (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में पार्टी की पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.उनके साथ ही फतेहपुर से पूर्व सांसद राकेश सचान भी कांग्रेस में शामिल हुए.

कांग्रेस की ओर से जारी संक्षिप्त बयान में कहा गया है, “कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सानिध्य में आज सावित्री बाई फुले (सांसद, बहराइच) और राकेश सचान (पूर्व सांसद, फतेहपुर) कांग्रेस परिवार का हिस्सा बने.’ पार्टी ने कहा, ‘उप्र महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दोनों नेताओं का कांग्रेस परिवार में स्वागत किया.’ गत लोकसभा चुनाव में सावित्री भाजपा के टिकट पर बहराइच से निर्वाचित हुईं थी. पिछले साल दिसंबर में उन्होंने भाजपा पर अपनी उपेक्षा करने और समाज में बंटवारे की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया था.

बता दें कि लोकसभा चुनाव के करीब आते ही उत्तर प्रदेश में भाजपा के उत्तर प्रदेश के कई सहयोगियों ने भी अपना असंतोष जाहिर करना शुरू कर दिया है. अपना दल की नेता अनुप्रिया पटेल और सुहलदेव पार्टी के नेता ओमप्रकाश राजभर के एनडीए से अलग होने की संभावना जताई जा रही है.

(पीटीआई इनपुट्स पर आधारित)

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+