उत्तर प्रदेशः भाजपा नेता ने बंदूक की नोक पर की डाक्टर से मारपीट, बचाव में आए पुलिस कर्मी को भी पीटा
पुलिस ने भाजपा नेता प्रशांत राव चौबे समेत चार समर्थकों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के इटावा में भाजपा नेता प्रशांत राव चौबे ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर गन प्वाइंट पर डॉक्टर से मारपीट को अंजाम दिया है. इमरजेंसी में कुर्सी न मिलने से खिसियाए भाजपा नेता ने सरेआम गुंडागर्दी कर पुलिस के साथ भी मारपीट की.
दैनिक भास्कर की ख़बर के अनुसार सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भाजपा नेता की मारपीट के शिकार हुए डॉक्टर सलीम ने बताया कि वह इमरजेंसी में भर्ती मरीजों का इलाज कर रहे थे. उसी दौरान भाजपा नेता कुछ समर्थकों के साथ इमरजेंसी में पहुंचे और डॉक्टरों की कुर्सी पर बैठ गए. इस बात का विरोध करने पर उनके समर्थकों ने गन पॉइंट पर मारपीट को अंजाम दिया.
भाजपा नेता की गुंडागर्दी यहीं नहीं रूकी बल्कि मामले को शांत कराने पहुंची पुलिस पर भी भाजपा नेता ने हमला कर दिया. जिसमें चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर विपिन घायल हो गए.
हालांकि वरिष्ठ अधिकारियों के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले आरोपी नेता फरार हो गया. पुलिस ने भाजपा नेता प्रशांत राव चौबे समेत चार समर्थकों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर लिया है.
एसपी ग्रामीण रामबदन सिंह ने कहा कि भाजपा नेता प्रशांत राव चौबे के ख़िलाफ़ कानूनी कार्यवाही चल रही है. इस मारपीट में पुलिस विभाग का एक सब इंस्पेक्टर भी घायल हुआ है.