May a good source be with you.

मोदी जी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सीवर में उतरे दो सफाईकर्मियों की दम घुटने से मौत, आक्रोशित लोगों ने एंबुलेंस पर किया पथराव

रेस्कयू ऑपरेशन कर दोनों मजदूरों के शवों को बाहर निकाला गया.

प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सीवर पाइप लाइन की सफाई करने टैंक में उतरे दो सफाईकर्मियों की मौत का ताज़ा मामला सामने आया है. घटना से नाराज़ लोगों ने शवों के ले जाने वाली एंबुलेंस पर पथराव भी किया.

दैनिक भास्कर की ख़बर के अनुसार कैंट थाना इलाके के काली मंदिर के पास 3 सफाईकर्मी टैंक की सफाई करने के लिए उतरे थे. उसी दौरान अचानक चैंबर की दीवार खिसक गई और तीनों मजदूर उसमें फंस गए.

सीओ अनिल कुमार ने बताया कि चैंबर की दीवार खिसकने से चैंबर में फंस गए. उसी दौरान पानी का बहाव अचानक बढ़ गया. गहराई में ऑक्सीजन की कमी के कारण मजदूरों का दम घुट गया. उमेश नामक सफाईकर्मी टैंक में ज्यादा नीचे नहीं उतरे थे इसलिए उन्हें बाहर निकाल लिया गया.

लेकिन दो अन्य मजदूर चैंबर में ही फंसे रह गए. बाद में रेस्कयू ऑपरेशन कर दोनों मजदूरों के शवों को बाहर निकाला गया. मृतकों की पहचान चंदन और राजेश के रूप में हुई है. मौके पर मौजूद लोगों ने घटना से आक्रोशित होकर शवों को ले जाने वाली एंबुलेंस पर पथराव कर दिया.

ग़ौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है जब किसी मजदूर की सीवर लाइन में मौत हुई हो. इससे पहले भी 11 नवंबर को बिना उपकरणों मौनहोल में उतरे मजूदर की मौत हो गई थी.

ध्यान देने योग्य बात है कि सीवर सफाई कर्मचारी लंबे समय से उपकरणों से सीवर सफाई की मांग कर रहे हैं. लेकिन सरकार की ओर से उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है. जिसकी वजह से सीवर में सफाई करने उतरे सफाई कर्मियों की मौत के मामले सामने आ रहे हैं.

इसी भी पढ़ें- पैर धोने की बजाय हमारी सुरक्षा पर ध्यान दें मोदी जी, दिल्ली में सफाईकर्मियों का विरोध प्रदर्शन

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+