विंग कमांडर अभिनंदन की सुरक्षा को ख़तरे में डाल रहे कुछ मीडिया चैनल: पूर्व राजनयिक निरुपमा मेनन राव
टाइम्स नाउ ने अभिनंदन वर्धमान की रिहाई की ख़बर को दिखाते हुए लिखा कि इमरान के नए पाकिस्तान ने सरेंडर कर दिया है.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान द्वारा भारतीय पायलट अभिनंदन की रिहाई की घोषणा किए जाने के बाद भारतीय मीडिया ने नया रूप अख़्तियार कर लिया है. टीवी चैनलों में ऐसी ख़बरें चलाई जा रही हैं, जो पाकिस्तान में कैद अभिनंदन की सुरक्षा के लिए मुसीबतें खड़ी कर सकती है. विदेशी मामलों के विशेषज्ञों का कहना है कि टीवी चैनलों द्वारा सरकारी प्रोपगैंडा के तहत इमरान खान की इस घोषणा को भारत की डिप्लोमेटिक जीत बताना भारतीय पायलट के लिए ख़तरा साबित हो सकता है.
आल्ट न्यूज़ के संस्थापक प्रतीक सिन्हा ने इंडिया टुडे, टाइम्स नाउ, न्यूज़ एक्स, सीएनएन-न्यूज़18 जैसे टीवी चैनलों पर चल रहे कार्यक्रमों की कुछ तस्वीरें साझा की है. इन कार्यक्रमों में अभिनंदन की रिहाई का पूरा श्रेय भारत को दिया जा रहा है. कुछ चैनलों ने तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीरें लगाकर उनकी जीत बताया है.
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के इस ऐलान का विडियो दिखाते हुए टाइम्स नाउ ने लिख दिया- इमरान खान के नया पाकिस्तान ने सरेंडर कर दिया.
Sab TV channels waale seem to get their weed from the same source. pic.twitter.com/QcUUvhagT3
— Pratik Sinha (@free_thinker) February 28, 2019
यहां ध्यान देने योग्य बात यह है कि बुधवार को अभिनंदन को बंदी बनाए जाने के बाद से अभी तक प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार भी उनका नाम नहीं लिया है. प्रधानमंत्री इस दौरान राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेते रहे हैं, लेकिन अभिनंदन का ज़िक्र नहीं किया. गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक चुनावी रैली में हिस्सा लेने गए थे.
पूर्व राजनयिक और अमेरिका में भारत के राजदूत रहे निरुपमा मेनन राव का कहना है कि टीवी चैनलों का इस तरह का जाहिलपन अभिनंदन वर्धमान के जान को जोखिम में डाल सकता है.
Yes. The churlishness I see on some media channels will not work for our good and it jeopardises #Abhinandan. How stupid can we get. Immature small minds. https://t.co/stImgTYoOD
— Nirupama Menon Rao 🇮🇳 (@NMenonRao) February 28, 2019
उन्होंने मीडिया चैनलों से अपील किया है कि भारतीय वायुसेना के पायलट के जान को जोखिम में ना डालें. उनका कहना है कि भारत को लेकर पाकिस्तान का मनोविज्ञान अत्यंत जटिल रहा है. इस तरह की ख़बरों से हमें ख़तरे की आशंका ज्यादा है.
Pakistani psychology regarding India is extremely complex. Please do not jeopardise #Abhinandan https://t.co/I7fwJOr4uj
— Nirupama Menon Rao 🇮🇳 (@NMenonRao) February 28, 2019
एडिटरजी समाचार वेबसाइट के संस्थापक विक्रम चंद्रा ने भी टीवी चैनलों की इस कवरेज को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा है कि हमें इस समय थोड़ा संयम बरतना चाहिए, चाहे कोई भी कारण हो पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का यह कदम सराहनीय है. हमें यह स्वीकार करना चाहिए. नहीं तो हम ऐसा करके विश्व समुदाय की नज़रों में गंवार साबित होंगे.
I think it is time to show some grace. Whatever the rationale, this was a good step by the Pakistani Prime Minister, and we should acknowledge that. Otherwise we sound churlish in the eyes of the world. https://t.co/HuWTerpaih
— Vikram Chandra (@vikramchandra) February 28, 2019
महिन्द्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिन्द्रा ने रिपब्लिक टीवी के एक ट्वीट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है. इस ट्वीट में कहा गया है कि पाकिस्तान ने भारत के दबाव में आकर हार मान लिया है. रिपब्लिक टीवी ने लिखा है कि यह भारत की बड़ी जीत है.
I rarely comment on media postures. But the prime objective now is to allow our soldier to come home safely. This is not the time to jeopardise that event with such calls for celebration… Arnab, please, we must exercise restraint… https://t.co/kXgX65XcQP
— anand mahindra (@anandmahindra) February 28, 2019
यह छिपी हुई बात नहीं है कि हाल के दिनों में मीडिया चैनलों ने अपुष्ट तथ्यों को लेकर रिपोर्टिंग करने में कीर्तिमान बनाया है. अपने राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए जवानों का इस्तेमाल करते रहे हैं.
बता दें कि इमरान खान ने घोषणा की है, “शांति बनाए रखने की अपनी इच्छा के कारण हम कल समझौते की शुरुआत कर रहे हैं. भारतीय वायुसेना के पायलट को पाकिस्तान रिहा करने जा रहा है.”
ग़ौरतलब है कि दोनों देशों के बीच चल रहे तनाव के बीच पाकिस्तान ने बुधवार को अभिनंदन वर्तमान को बंदी बना लिया था. दोनों देशों की वायुसेना के बीच हुए टकराव में कल भारत का मिग-21 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. पाकिस्तान का एक विमान भी मार गिराया गया था.
(यह लेख मूल रूप से अंग्रेजी भाषा में लिखा गया है. मूल लेख को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.)