पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक के बाद हाई अलर्ट पर पश्चिमी नौसेना
अधिकारी ने बताया कि हवाई हमले के बाद मुंबई पुलिस भी हाई अलर्ट पर है.
पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी अड्डों पर भारतीय वायु सेना के हवाई हमले के बाद, पश्चिमी नौसेना कमान पूरी तरह से हाई अलर्ट पर है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए ‘पूरी तरह से तैयार है.’ गुजरात पुलिस ने भी हवाई हमले के बाद हाई अलर्ट जारी किया है. गुजरात की सीमा भी पाकिस्तान से मिलती है.
अधिकारी ने बताया कि हवाई हमले के बाद मुंबई पुलिस भी हाई अलर्ट पर है.
उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिमी नौसेना कमान 24 घंटे पर हाई अलर्ट पर रहती है. अब, यह पाकिस्तान में हवाई हमलों के मद्देनजर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं.’’ हवाई हमले के बाद मुंबई और ठाणे में जश्न मनाया गया.
मुंबई में, मुस्लिम समुदाय के लोग बांद्रा में जमा हुए और हवाई हमले का जश्न मनाया. ठाणे में, लोगों ने हमले पर अपनी खुशी जाहिर करने के लिए राहगीरों का मुंह मीठा कराया.
गुजरात पुलिस महानिदेशक शिवानंद झा ने यहां प्रस्तावित संवाददाता सम्मेलन को रद्द कर दिया और इसमें भाग लेने पहुंचे सभी अधिकारियों को अपने अपने मुख्यालयों में वापस जाने का निर्देश दिया.