इस्लामिक सहयोग संगठन की बैठक में शामिल होंगी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, ओवैसी बोले- OIC ने हमेशा से दिया है पाक का साथ
ओवैसी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने देश की विदेश नीति को बर्बाद कर दिया है.
अगले महीने अबू धाबी में होने वाले इस्लामिक सहयोग संगठन ( OIC) की बैठक में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के शामिल होने को लेकर हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पीएम मोदी और सुषमा स्वराज पर निशाना साधा है.
उन्होंने कहा है कि यह संगठन हमेशा से पाकिस्तान का साथ देता है और भारत की आलोचना करता रहा है, प्रधानमंत्री मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने देश की विदेश नीति को बर्बाद कर दिया है.
ओवैसी ने ट्वीट कर कहा है, “इस्लामिक सहयोग संगठन ने 2018 में 5 बार भारत की निंदा की. हमारे सुरक्षा अभियान को ‘दुष्ट आतंकवादी कदम’ कहता है. इसके बावजूद भी उनके द्वारा होस्ट किए जाने से भारत खुश है. हमारे पास विदेश नीति हुआ करती थी. लेकिन, पीएम मोदी और सुषमा स्वराज ने अब इसे बदल दिया है.”
OIC condemns India 5 times in 2018, calls our security operation ‘wicked terrorist act’ & we’re happy to be hosted by them?!
We used to have a foreign policy, now @PMOIndia @SushmaSwaraj have replaced it with whatever floundering, fumbling thing this ishttps://t.co/SJbMobQMaS
— Asaduddin Owaisi (@asadowaisi) February 24, 2019
इस आमंत्रण को स्वीकार करने पर कांग्रेस ने भी सवाल उठाए हैं. कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि OIC से मिले आमंत्रण पर सरकार की खुशी से वह हैरान है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि OIC से भारत को न्यौता मिलना खुशी की नहीं हैरानी की बात है. कश्मीर मुद्दे पर हमेशा OIC ने पाकिस्तान का साथ दिया है.
ग़ौरतलब है कि ओआईसी मुस्लिम बहुल देशों का प्रभावशाली संगठन है. यह 1969 में स्थापित किया गया एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जिसमें 57 देश शामिल हैं. इसमें 40 मुस्लिम बहुल देश हैं.