अमीरों की कर्ज़माफ़ी सही और किसानों का लोन माफ़ करना ग़लत? वाह मोदी जी वाह!- सीताराम येचुरी
सीताराम येचुरी ने हाल ही में कहा था कि भाजपा सरकार ने अन्नदाताओं के साथ धोखा किया है और हमारे किसान इन्हें माफ नहीं करेंगे.
किसानों की कर्ज़माफ़ी को आसान और सस्ता रास्ता बता कर ख़ारिज़ करने वाले प्रधानमंत्री मोदी के बयान पर सीपीएम नेता सीताराम येचुरी ने निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी अमीरों का लाखों करोड़ रुपए का कर्ज़माफ़ कर सकते हैं, लेकिन किसानों का कर्ज़माफ़ नहीं कर सकते.
सीताराम येचुरी ने ट्वीट कर कहा है, “ जनता का पैसा लूटने के बाद अमीरों के 3.5 लाख करोड़ का ऋण माफ करना ठीक है, और गरीब पीड़ित किसानों के लिए ऋण माफ़ी गलत है? वाह, मोदीजी, वाह!”
So Loan waivers of ₹ 3.5 lakh crore to rich cronies after looting public money is okay, and loan waivers for poor suffering farmers is wrong? Waah, Modiji, Waah! https://t.co/kaVmjA5Uy6
— Sitaram Yechury (@SitaramYechury) February 24, 2019
दरअसल, पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के उद्घाटन के मौके पर कहा है कि कर्ज़माफी बहुत आसान रास्ता था. राजनीतिक फायदे के लिए कर्ज़ माफी कर राजनीतिक दाव साधा जा सकता है. लेकिन, इससे सिर्फ चुनिंदा लोगों को ही फायदा मिलता ना कि दो करोड़ किसानों को.”
ग़ौरतलब है कि सीपीएम महासचिव किसानों को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते रहे हैं. हाल ही में उन्होंने कहा था कि बीजेपी सरकार ने अन्नदाताओं के साथ धोखा किया है और हमारे किसान इन्हें माफ नहीं करेंगे.
बता दें कि महाराष्ट्र में कई मांगों को लेकर किसान मार्च निकाल रहे हैं. लगभग 23 जिलों के 50 हजार आंदोलनरत किसानों का समूह नासिक से पैदलमार्च करते हुए 27 फरवरी को मुंबई पहुंचेगा.