May a good source be with you.

CRPF जवानों की शहादत का राजनीतिक लाभ लेने में लगी BJP, गुजरात के नेता ने कहा- लोगों की भावनाओं को वोटों में बदलो

भरत पंड्या ने बूथ-स्तरीय बैठक के दौरान राष्ट्रवादी लहरों को वोट में बदलने की अपील की.

भारतीय जनता पार्टी जम्मू कश्मीर में सीआरपीएफ़ जवानों की शहादत का राजनीतिक इस्तेमाल करने की तैयारी में है. गुजरात भाजपा के नेता और प्रवक्ता भरत पंड्या ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि वह पुलवामा हमले से देश में “राष्ट्रीयता की लहर” से चुनावी फायदा साधें.

इंडियन एक्सप्रेस  की एक रिपोर्ट के अनुसार भाजपा प्रवक्ता ने बूथ-स्तरीय बैठक के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि राष्ट्रवादी लहर को वोटों में बदला जाए.

इंडियन एक्सप्रेस  के मुताबिक पांड्या ने कहा है, “पुलवामा आतंकी हमले के मद्देनजर कई कार्रवाई की गई है. देश के नागरिक देर रात तक जागते हैं कि पाकिस्तान के ख़िलाफ़ क्या कार्रवाई की जा रही है. अभी देश में यह भावना है. पूरा राष्ट्र एक राष्ट्रवाद की भावना के साथ खड़ा हुआ है और यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस एकता को एकजुट वोट में परिवर्तित करें.”

ग़ौरतलब है कि आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा राज्य भर में बूथ स्तर की बैठकों का आयोजन कर रही है.

ज्ञात हो कि बीते 14 जनवरी को कश्मीर के पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी ने सीआरपीएफ काफिले पर हमला कर दिया था. जिसमें 40 जवानों की मौत हो गई थी. भाजपा इस आतंकी हमले और राष्ट्रीय भावनाओं का लाभ उठाती नज़र आ रही है.

बीते शनिवार को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने पुलवामा हमले को लेकर भी कांग्रेस के कार्यकाल पर निशाना साधा था. हालांकि विपक्षी दल के नेताओं ने पुलवामा आतंकी हमले को लेकर कोई राजनीतिक बयान नहीं दिए हैं.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+