जेएनयू के छात्रों पर हमला करने के लिए भीड़ को उकसा रही है महिला, विडियो वायरल
विडियो में महिला कह रही है, “हमें बंदूक की ज़रूरत नहीं है, हम उन्हें पत्थरों से मारेंगे और बांहों में लेकर तोड़-मरोड़ देंगे.”
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक विडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक अज्ञात महिला भीड़ से आह्वान कर रही है कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्रों को जहां कहीं भी देखा जाए मार दिया जाए.
बोलता हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक पुलवामा आतंकी हमले के ठीक एक दिन बाद बीते 15 फरवरी को दक्षिणपंथी गुट के कार्यकर्ताओं ने एक विरोध प्रदर्शन किया था. यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली के साकेत मेट्रो के पास ख़त्म हुआ. यहां भीड़ को संबोधित करती हुई एक महिला ने कहा कि जब वो जेएनयू के छात्रों पर हमला करेगी तो क्या उसे बाकी छात्रों का समर्थन मिलेगा? भीड़ ने इसके जवाब में हामी भरी.
बोलता हिन्दुस्तान द्वारा शेयर किए गए विडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ को संबोधित करते हुए महिला जेएनयू छात्रों पर शारीरिक रूप से हमला करने की बात कर रही है. विडियो में महिला कह रही है, “हमें बंदूक की ज़रूरत नहीं है, हम उन्हें पत्थरों से मारेंगे और बांहों में लेकर तोड़-मरोड़ देंगे.”
इधर, जेएनयू छात्र संघ ने एक नोटिस जारी कर छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है. साथ ही किसी भी आपात स्थिति में जेएनयू छात्रसंघ के अधिकारियों से संपर्क करने का भी सुझाव दिया गया है. छात्रसंघ के अधिकारियों ने पुलिस व प्रशासन को भी इस घटना से वाकिफ़ कराने की बात की है.
बता दें कि बीते 14 जनवरी को जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने सीआरपीएफ़ के एक काफ़िले पर हमला कर दिया था, जिसमें 40 से ज्यादा जवानों की मौत हो गई थी.