गुजरात: रेलवे कर्मचारी संगठन ने किया बुलेट परियोजना का विरोध, कहा- पहले मौजूदा रेलवे नेटवर्क को मजबूत करे सरकार
विरोध कर रहे संगठन ने बुलेट परियोजना को ग़ैर जरूरी बताते हुए कहा कि इसके आर्थिक पहलुओं पर विचार नहीं किया गया है.
गुजरात के वडोदरा में बीते शुक्रवार को नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे मैन (एनएफआईआर) ने प्रधानमंत्री मोदी की बुलेट ट्रेन परियोजना के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन किया. रेलवे संगठन का कहना है कि सरकार को ग़ैर जरूरी परियोजनाओं पर खर्च करने के स्थान पर मौजूदा रेल नेटवर्क को मजबूत करने पर काम करना चाहिए.
नवभारत टाइम्स की ख़बर के अनुसार एनएफआईआर के महासचिव एम. राघवैया ने कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना पीएम मोदी की महत्वाकांक्षी परियोजना है, लेकिन उन्होंने इसके आर्थिक पहलुओं पर विचार नहीं किया. उन्होंने आगे कहा कि 1.08 लाख करोड़ रूपये की बुलेट परियोजना अनावश्यक करार दिया है.
एम. राघवैया ने कहा कि चूंकि भारत विकसित देश नहीं है, इसलिए उसे बुलेट परियोजना की ज़रूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि भारत के विकसित देश बन जाने पर, 2040 के बाद इस परियोजना पर विचार किया जा सकता है.
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगाया कि जब से वह पीएम बने हैं. केवल निजी कंपनियों के हितों की रक्षा के लिए कोशिश कर रहे हैं.