May a good source be with you.

तृणमूल विधायक सत्यजीत बिस्वास हत्या मामले में दो और लोगों की गिरफ़्तारी

विधायक हत्या मामले में भाजपा नेता मुकुल रॉय सहित चार लोगों के ख़िलाफ़ रविवार को मामला दर्ज किया गया था.

तृणमूल कांग्रेस विधायक सत्यजीत बिस्वास हत्या मामले में नदिया ज़िले से दो और लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. इसी के साथ इस मामले में गिरफ़्तार किए गये लोगों की संख्या बढ़कर चार हो गई है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि एफआईआर में नामजद आरोपी कालीपाडा मंडल और निर्मल घोष को बृहस्पतिवार की रात क्रमश: हंसखाली और चकदाहा क्षेत्र से पकड़ा गया. मामले का प्रमुख आरोपी अभिजीत पुंडारी अब भी फरार है.

गौरतलब है कि कृष्णगंज से विधायक को नौ फरवरी की शाम को नदिया ज़िले के फूलबारी गांव में सरस्वती पूजा पंडाल में अज्ञात बदमाशों ने करीब से गोली मार दी थी.

इससे पहले पुलिस ने हत्या की रात सुजीत मंडल तथा कार्तिक मंडल को गिरफ़्तार किया था. पुलिस सूत्रों ने बताया कि निर्मल घोष को कार्तिक और सुजीत से पूछताछ के बाद गिरफ़्तार किया गया है.

विधायक हत्या मामले में भाजपा नेता मुकुल रॉय सहित चार लोगों के ख़िलाफ़ रविवार को मामला दर्ज किया गया था. कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल पुलिस को मुकुल रॉय को सात मार्च तक गिरफ़्तार नहीं करने के निर्देश दिए थे.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+