पुलवामा आतंकी हमला: TV पर इंटरव्यू देने की बजाय सेना और राज्य की सुरक्षा पर ध्यान दें राज्यपाल मलिक: उमर अब्दुल्ला
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पुलवामा आतंकी हमले पर शोक जताते हुए राज्य के राज्यपाल सत्यपाल मलिक से गंभीर सवाल उठाए हैं.
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ़्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने पुलवामा आतंकी हमले पर शोक जताते हुए राज्य के राज्यपाल सत्यपाल मलिक से गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा है कि सत्यपाल मलिक को टीवी चैनलों पर इंटरव्यू देने की बजाय कार्रवाई करने की दिशा में सोचना चाहिए.
अपने ट्विटर पर उमर अब्दुल्ला ने लिखा है, “आदरणीय सत्यपाल मलिक जी, मैंने 6 साल जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री के तौर पर काम किया है और आज आपको एक अनचाहा सलाह दे रहा हूं. आप टीवी इंटरव्यू देना बंद करिए. अपने सलाहकारों को कहें कि वो इंटरव्यू देने का काम करें. आप इस समय में टीवी पर इंटरव्यू देकर परस्थितियों को और भी गंभीर कर रहे हैं.”
Dear Governor Malik, some unsolicited advice from a person who has governed J&K for 6 years. Pls stop giving interviews, let your advisors do it. You will only make things worse by trying to talk your way out of this situation.
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) February 15, 2019
एक अन्य ट्वीट में उमर अब्दुल्ला ने कहा, “आपको अभी श्रीनगर जाकर हमले में घायल हुए जवानों से मिलना चाहिए. स्थिति पर नियंत्रण के लिए उच्च स्तरीय बैठक करनी चाहिए, ये सब काम कल ही हो जाना चाहिए था. लेकिन, आप कल टीवी चैनलों पर व्यस्त थे.”
Please take the state plane & fly to Srinagar, visit the injured. Convene an urgent UHQ meeting & take stock of the situation. This should have been done yesterday but yesterday you were too busy passing the buck.
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) February 15, 2019
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, “आप एक राजनेता हैं और राजनीति करना आपका काम है. लेकिन, फिलहाल यह समय राजनीति करने का नहीं है. अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को ख़त्म कर एक जिम्मेदार अधिकारी के तौर पर काम करिए. आपके इन फ़ैसलों से भले ही आपकी पार्टी नाराज़ हो जाए, लेकिन देश के लोग आपकी सराहना करेंगे.”
You are a politician & obviously your first instinct will be to play politics but this is neither the time nor the occasion. Please suppress your desire to politicise everything & instead be a statesman for once. The nation will appreciate that more even if your party might not.
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) February 15, 2019
जम्मू कश्मीर में फिलहाल राज्यपाल का शासन है. राज्य केंद्र की मोदी सरकार के सीधे नियंत्रण में है. ऐसे में पुलवामा के आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस के कार्यकलाप पर सवाल उठ रहे हैं.
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में गुरुवार को जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने सीआरपीएफ़ के जत्थे पर हमला कर दिया. इसमें कम से कम 44 जवानों की मौत हो गई है. कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.