राफ़ेल घोटाला: CAG रिपोर्ट पर बोलीं मायावती- पेश की गई आधी-अधूरी रिपोर्ट, देश में चिंता का माहौल
बसपा सुप्रीमो ने ट्विटर पर एक पोस्ट लिखते हुए मोदी सरकार पर निशाना साधा है.
राफ़ेल सौदे की कैग रिपोर्ट संसद में पेश होने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि राफ़ेल पर आई यह रिपोर्ट जनता की नज़र में आधी-अधूरी है. भाजपा सरकार में संवैधानिक संस्थाएं अपना काम नहीं कर पा रही हैं, जिससे देश चिंतित है.
बसपा सुप्रीमो ने ट्विटर पर लिखा, “राफेल विमान सौदे पर बहु-प्रतीक्षित सीएजी रिपोर्ट जनता की नज़र में आधी अधूरी. यह न तो सम्पूर्ण और न ही पूरी तरह से सही. बीजेपी सरकार में क्यों संवैधानिक संस्थाएं अपना काम पूरी ईमानदारी से नहीं कर पा रही हैं? देश चिन्तित है.”
राफेल विमान सौदे पर बहु-प्रतीक्षित सीएजी रिपोर्ट जनता की नज़र में आधी अधूरी। यह न तो सम्पूर्ण और न ही पूरी तरह से सही। बीजेपी सरकार में क्यों संवैधानिक संस्थाये अपना काम पूरी ईमानदारी से नहीं कर पा रही हैं? देश चिन्तित है।
— Mayawati (@Mayawati) February 13, 2019
आज राज्यसभा में राफ़ेल मामले की कैग रिपोर्ट पेश की गई. इसमें कहा गया है कि मोदी सरकार द्वारा किया गया सौदा 2007 में यूपीए सरकार द्वारा किए गए सौदे से 2.86 प्रतिशत सस्ता है.
बता दें कि राफ़ेल घोटाले को लेकर मोदी सरकार लगातार फंसती नज़र आ रही है. द हिन्दू की रिपोर्टों में लगातार इस सौदे से जुड़े नए-नए खुलासे हो रहे हैं. मंगलवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट में वरिष्ठ पत्रकार एन.राम ने खुलासा किया है कि मोदी सरकार द्वारा किया गया राफ़ेल सौदा कांग्रेस के मुकाबले सस्ता नहीं था. इसमें राफ़ेल विमानों के बेंचमार्क मूल्य से जुड़े सरकारी दावों को भी ख़ारिज़ किया गया है.