उत्तर प्रदेश: ज़हरीली शराब पीने से 36 से ज्यादा लोगों की मौत, 30 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के 36 से ज्यादा लोगों की मौत ज़हरीली शराब पीने के कारण हो गई है.
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के 36 से ज्यादा लोगों की मौत ज़हरीली शराब पीने के कारण हो गई है. लगभग 33 लोगों का इलाज सहारनपुर और मेरठ के जिला अस्पतालों में किया जा रहा है.
सहारनपुर के जिला मजिस्ट्रेट ए.के पाण्डेय का कहना है कि अभी तक 36 लोगों की मौत हुई है और इनके शव का पोस्टमार्टम किया जा चुका है. अस्पताल में इलाजरत मरीज़ों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
पुलिस के मुताबिक सहारनपुर के उमाही, सलेमपुर और गगनलेदी गांवों के कुछ लोग तेरहवीं (श्राद्धकर्म) के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने हरिद्वार गए थे. इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक यहां इन लोगों ने शराब पी और इसमें से कुछ हिस्सा बचाकर सहारनपुर लेकर आए थे. हरिद्वार से लौटने के बाद इन लोगों ने गांव के अन्य लोगों में शराब की इन पैकेटों को बांट दिया. जिन लोगों ने शराब पी थी, उन्हें शुक्रवार को उल्टी की शिकायत हुई. इसके बाद परिवार वालों ने इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया. इसी बीच, उत्तराखंड के बालूपुर (जहां तेरहवीं का कार्यक्रम हुआ था) में 16 लोगों की मौत हो गई.
पुलिस का कहना है कि इस मामले में 10 पुलिस कर्मियों सहित कुल 14 लोगों को सस्पेंड किया जा चुका है.