एक ‘स्वतंत्र’ CBI को PMO पर छापा मार राफे़ल से जुड़ी सभी फाइलों को ज़ब्त करके गिरफ़्तारियां करनी चाहिए: अरविंद केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि जैसे CBI ने उनके दफ़्तर, आवास और कोलकाता पुलिस कमिश्नर के यहां छापा मारा था, ठीक उसी तरह इस मामले में भी कार्यवाई करनी चाहिए.
राफ़ेल सौदे को लेकर अंग्रेजी अख़बार ‘द हिंदू’ के खुलासे के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कई विपक्षी दलों के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर हमला बोलना शुरू कर दिया है. आम आदमी पार्टी नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी राफ़ेल सौदे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए, तंज भरे लहज़े में सीबीआई को पीएमओ में छापा मारने को कहा.
केजरीवाल ने ट्वीट किया कि, “स्वतंत्र सीबीआई को अब ठीक उसी तरह पीएमओ पर छापा मारना चाहिए और राफ़ेल से जुड़ी सभी फाइलों को ज़ब्त करके गिरफ़्तारी करनी चाहिए, जैसे उन्होंने मेरे ऑफिस, आवास और कोलकाता के पुलिस कमिश्नर के यहां छापा मारा था.”
In the light of today’s expose on Rafale, “independent” CBI shud raid PMO, seize all the files related to Rafale and make arrests just like they raided my office and residence and Kolkatta police commissioner.
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) February 8, 2019
ग़ौरतलब है कि राफ़ेल सौदे में अखबार की ख़बर का हवाला देते हुए विपक्ष ने इस मामले में संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) जांच और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग की.
ज्ञात हो कि अंग्रेज़ी अखबार द हिंदू ने अपनी ख़बर में बताया कि रक्षा मंत्रालय राफ़ेल सौदे को लेकर बातचीत कर रहा था. इसी दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) भी अपनी ओर से फ्रांसीसी पक्ष से समानांतर बातचीत में लगा हुआ था. रक्षा मंत्रालय का कहना था कि पीएमओ की ओर से इस तरह की समानांतर बातचीत की वजह से रक्षा मंत्रालय की टीम और समझौता ज्ञापन, कमज़ोर हुए हैं.
इसे भी पढ़ें- राफ़ेल डील के दौरान पीएमओ की दखलंदाज़ी का विरोध किया था रक्षा मंत्रालय ने