डरपोक हैं नरेन्द्र मोदी, दस मिनट के लिए भी मुझसे बहस नहीं कर सकते: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर गरीब को मिनिमम इनकम दी जाएगी.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी पर बड़ा हमला बोला. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को 10 मिनट के लिए आमने-सामने बहस की चुनौती दी और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी डरपोक आदमी हैं और मेरे सामने दस मिनट खड़े नहीं हो सकते. कांग्रेस अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज नरेंद्र मोदी के चेहरे पर घबराहट और डर देखा जा सकता है. भाग जाएंगे, वह डरपोक आदमी है. आजतक की ख़बर के अनुसार सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि किसी भी देश के प्रधानमंत्री को देश के सामाजिक ताने बाने को तोड़ने वाला नहीं बल्कि जोड़ने वाला होना चाहिए. नहीं तो ऐसे पीएम को जनता हटा देती है.
राहुल गांधी ने कहा कि पहले कहा जाता था कि मोदी की छाती 56 इंज की है और वह 15 साल राज करेंगे, लेकिन आज मोदी की प्रतिष्ठा की धज्जियां उड़ गई है. इसके साथ ही राहुल गांधी ने एक बार फिर चौकीदार चोर है का नारा लगाया.
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मैं मोदी जी से पांच साल से लड़ रहा हूं, उन्हें जान गया हूं. आज उन्हें मेरे साथ मंच पर खड़ा कर दो और बहस करा दो. ये डरपोक व्यक्ति हैं, जब इनके सामने कोई खड़ा होता है तो यह डर जाते हैं.
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सरकार हर गरीब को मिनिमम इनकम देगी. इसके तहत देश के गरीब लोगों के बैंक अकाउंट में सीधे पैसे डाल दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि अगर नरेंद्र मोदी 15 उद्योगपतियों की जेब में पैसा डाल सकते हैं, तो हम गरीबों की जेब में पैसा डालकर दिखा सकते हैं.