पकौड़ा बिक्री के बाद अब जेबकटवा रोज़गार योजना, BJP विधायक बोले- चोरी करना भी एक विशेष कला
भाजपा विधायक कौशल विकास पर आयोजित एक सेमिनार में छात्रों को संबोधित कर रहे थे.
भारतीय जनता पार्टी के नेता युवाओं को रोज़गार और स्कील के नए-नए गुर सिखा रहे हैं. पिछले साल प्रधानमंत्री मोदी ने पकौड़े तलने को रोज़गार बताया था, आज उन्हीं की पार्टी के एक नेता ने चोरी करने और जेब काटने को एक स्कील यानी हुनर बताया है. बिथरी चैनपुर से विधायक पप्पू भरतौल के मुताबिक चोरी करना एक विशेष कला है, जो सबके वश की बात नहीं होती.
पत्रिका की ख़बर के मुताबिक रुहेलखंड यूनिवर्सिटी में स्किल डेवलपमेंट सेमिनार में युवाओं को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि चोरी करना और जेब काटना भी एक कला है. ये भी एक तरह का हुनर है और सबके बस की बात नहीं है.
विधायक यही नहीं रूके उन्होंने अफसरों पर निशाना साधते हुए कहा कि अफसरों को उनकी पत्नी हर 15 मिनट में फोन करती है, इससे उनका ध्यान काम से भटकता है.
ग़ौरतलब है कि इस सेमिनार में भाजपा विधायक को हुनर की जानकारी देने के लिए बुलाया गया था. लेकिन, विधायक जी तो छात्रों को जेब काटने और चोरी करने की कला बताकर चले गए.