2014 का चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने मुझे इस्तेमाल किया- अन्ना हज़ारे
अपने अनशन के छठे दिन अन्ना ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार तानाशाही की ओर बढ़ते हुए केवल देशवासियों को गुमराह करने का काम कर रही है.
समाजसेवी अन्ना हज़ारे ने आज कहा कि भाजपा ने 2014 लोक सभा चुनावों को जीतने के लिए उनका इस्तेमाल किया है.
महाराष्ट्र के अपने गांव रालेगढ़ सिद्धि में अनशनरत अन्ना ने कहा कि, “हर कोई जनता है कि लोकपाल की मांग उनकी अपनी थी लेकिन भाजपा और आम आदमी पार्टी, दोनों ने ही सत्ता में आने को इसका इस्तेमाल किया. अब इन दलों के लिए मेरे मन में कोई आदर नहीं है.”
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक अन्ना ने केंद्र में मौजूदा मोदी सरकार को तानाशाही की ओर बढ़ते हुए, केवल देशवासियों को गुमराह करने का काम करने वाला बताया.
अन्ना ने महाराष्ट्र की भाजपा शासित सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ये सरकार भी पिछले चार सालों से झूठ बोलती आ रही है. उन्होंने कहा कि इन सरकारों के काम की वजह से देश पीछे की ओर चला गया है.
बकौल अन्ना, “जो लोग 2011 और 2014 में उनके आंदोलन से लाभान्वित हुए और सत्ता में आए, अब वही लोग उन मांगो को भूल चुके हैं और उनको लागू करने के लिए पिछले पांच सालों में कुछ भी नही किया.”