कर्नाटकः बजरंग दल ने मुस्लिम महिलाओं की दुकान में लगाई आग, अभद्रता करने का भी आरोप
पुलिस ने बताया कि महिलाओं की दुकान में आग बीफ बेचने के शक में लगाई गई है.
कर्नाटक में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बीफ बेचने के शक में मुस्लिम महिलाओं की दुकान को जला दिया है. सकलेशपुर में स्थित कैंटी को कथित तौर पर बजरंग दल के 6 कार्यकर्ताओं ने आग के हवाले कर दिया है.
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार इस घटना को बीते गुरुवार (31 जनवरी) को अंजाम दिया गया था. दरअसल राघवेद्र नगर के रहने वाले शमीम और खमरून्निसा ने चिकन और मटन बेचने के लिए कैंटीन खोली थी. लेकिन बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर कैंटीन में तोड़फोड़ कर कैंटीन में काम करने वाली दो महिलाओं के साथ अभद्रता की थी. पुलिस ने आईपीसी की धारा 323 (चोट पहुंचाना), 354 (महिलाओं के साथ अभद्रता) समेत अन्य धाराओं के तहत बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर लिया है.
ग़ौरतलब है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ जब बीफ के शक में मुस्लिम वर्ग के साथ ऐसी घटना को अंजाम दिया गया हो. इससे पहले झारखंड में बीफ ले जाने के शक में अलीमुद्दीन नामक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. वहीं महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश समेत बरेली से भी बीफ को लेकर ऐसी घटनाएं सामने आई थी.