“देश में चौकीदार और प्रदेश में ममता बनर्जी ने मचा रखी है लूट”… कोलकाता की विशाल रैली में बरसे सीपीआई एम नेता सीताराम येचुरी
पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि हमें अपने देश में ऐसे चौकीदार की जरूरत नहीं है जिसके रहते खुलेआम लूट मची हो.
कोलकाता की ब्रिगेड मैदान में सीपीआई एम ने भव्य चुनावी रैली का आयोजन किया. इस रैली में सीपीआई (एम) नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की ममता बनर्जी सरकार पर करारा हमला बोला. पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि हमें अपने देश में ऐसे चौकीदार की जरूरत नहीं है जिसके रहते खुलेआम लूट मची हो.
रैली को संबोधित करते हुए सीपीआई (एम) नेता सीताराम येचुरी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भाजपा विरोध को एक ड्रामा करार दिया. इसके साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी को मुख्य अभिनेत्री भी कहा. यह रैली प्रदेश में वाम मोर्चे की ताकत दिखाने के लिए आयोजित की गई थी. इसी मैदान में पिछले 19 जनवरी को ममता बनर्जी के आह्वान पर पूरा विपक्ष एकजुट हुआ था
.
भाजपा के साथ ममता बनर्जी के संबंध को दिखाते हुए सीपीआई (एम) नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि ममता बनर्जी एनडीए सरकार में शामिल होती हैं और आज भाजपा को दंगे कराने वाली पार्टी बता रही हैं. उन्होंने कहा कि मोदी और ममता बनर्जी जनता को लूटने के लिए मिले हुए हैं.
रैली में शामिल सीपीआई (एम) महासचिव सीताराम येचुरी ने प्रधानमंत्री मोदी को चौकीदार बताया और कहा कि हमें ऐसे चौकीदार की जरूरत नहीं है, जिसके रहते हुए देश में लूट मची हुई है.
सीपीआई (एम) के सांसद मो. सलीम ने कहा कि ममता बनर्जी ने ममता बनर्जी और भाजपा के टकराव को दिखावटी बताया. उन्होंने कहा है कि ममता बनर्जी नरेन्द्र मोदी से मिली हुई हैं, तभी राज्य में सरकार चला पा रही हैं.
इस रैली में सीपीआई (एम) के नेताओं ने मोदी सरकार द्वारा हाल ही में पेश किए गए बजट को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. किसानों को हर साल 6000 रुपए की राशि देने पर सीताराम येचुरी ने भी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तरह इस स्कीम को किसानों का अपमान बताया.

नरेन्द्र मोदी और ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए मो. सलीम ने कहा कि अगर मोदी और ममता बनर्जी ने किसानों के लिए अच्छा काम किया है तो अब नई योजनाओं की घोषणा क्यों कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि किसान सरकार से भीख नहीं बल्कि अपना हक मांग रहे हैं.
बता दें कि बीते दिसंबर में ममता बनर्जी ने प्रदेश के किसानों के लिए हर साल प्रति एकड़ के हिसाब से 5000 रुपए की धनराशि दो किस्तों में किसानों को देने का फ़ैसला किया था.
रोज़गार के सवाल पर वाम दल के नेताओं ने मोदी सरकार पर नोटबंदी और जीएसटी को लेकर निशाना साधा है. सीताराम येचुरी ने 45 सालों में सबसे अधिक बेरोज़गारी दर को लेकर भी मोदी सरकार पर हमला बोला है.
इसी मुद्दे पर पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री और सीपीआई (एम) नेता सूर्यकांत मिश्रा ने कहा है कि आज देशभर में बेरोज़गारी की दर बढ़ी है और ममता बनर्जी बेरोज़गारी में 40 फ़ीसदी की कमी करने का झूठा दावा करती हैं.

सीताराम येचुरी ने राफ़ेल मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरा और कहा कि फ्रांस से 36 राफ़ेल हवाई जहाज की ख़रीद से लूटे हुए पैसे से नरेन्द्र मोदी ने अपने पार्टी के लिए चुनावी बॉन्ड बनाया.
बता दें कि सीपीआई (एम) की इस रैली में मुख्य रूप से देश में फ़ैल रही सांप्रदायिकता, भाइचारे को बर्बाद करने में सरकार की भूमिका और नागरिकता संशोधन विधेयक जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उभारा गया.