May a good source be with you.

बिहार में गुंडाराज: पिछले 24 घंटे में 7 लोगों की गोली मारकर हत्या, पुलिस के हाथ खाली

बीती रात आरजेडी के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के भतीजे को हमलावारों ने गोली मारकर हत्या कर दी.

बिहार में नीतीश सुशासन की पोल इस बात से खुलती है कि मात्र 24 घंटे में राज्य में सात हत्या की घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज में अपराधी बेख़ौफ़ घूम रहे हैं और आम जनता डरी-सहमी है.

ईनाडु इंडिया की ख़बर के अनुसार बिहार में बीते 24 घंटे के भीतर 7 हत्याएं हुई हैं. आइए जानते हैं नीतीश के सुशासन में बढ़ते अपराध के किस्से. पहली घटना को बीती रात को ही अंजाम दिया गया है. जिसमें आरजेडी के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के भतीजे यूसुफ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना के बाद अपराधी फरार है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

वहीं दूसरी वारदात को पटना सिटी में अंजाम दिया गया है. जहां लूट को अंजाम देने आए 3 अपराधियों ने पेट्रोल पंपकर्मी को गोली मार दी. घटना का शिकार हुए युवक की मौके पर ही मौत हो गई.

हत्या की तीसरी वारदात को बक्सर में अंजाम दिया गया. मॉडल थाना इलाके में वार्ड पार्षद को हमलावरों ने गोली का शिकार बनाया. वार्ड पार्षद ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. इस मामले में भी पुलिस के हाथ खाली है.

राज्य में चौथी वारदात मुजफ़्फ़रपुर में हुई है. जहां अपराधियों ने ट्रांसपोर्टर को गोली मार दी. हालांकि इस मामले में पुलिस ने तुंरत कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को मार दिया है. घटना के बाद घायल ट्रांसपोर्टर कुंदन सिंह ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

पांचवी घटना आरा ज़िले की है जहां अज्ञात हमलावरों ने कसाप गांव के मुखिया पंकज सिंह को गोली का शिकार बनाया है. हालांकि घायल मुखिया को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

छठी वारदात काफी हैरान करने वाली है. जिसमें कुछ दोस्तों ने मिलकर छात्र का अपहरण किया और छात्र के परिजनों से फिरौती के रूप में 1 करोड़ रुपए की मांग की. लेकिन, फिरौती न मिलने पर अपहरणकर्ताओं ने छात्र की हत्या कर दी. वहीं एक अन्य वारदात में कैमूर ज़िले के मोहनिया थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी है. युवक को गंभीर हालत में बनारस रेफर किया गया है. इस मामले में भी पुलिस सिर्फ जांच ही कर रही है.

सातवी घटना सीतामढ़ी की है, जहां बाइक सवार 2 बदमाशों ने बीएसएफ के रिटायर जवान की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना से नाराज लोगों ने सीतामढ़ी-डुमरा के मुख्य रास्ते को जाम कर दिया.

वहीं आठवीं वारदात गया की सामने आई है. जहां बदमाशों ने 50 साल के एक बुजुर्ग को गोली मार दी और उनके शव को नदी में फेंक दिया. लेकिन इस मामले में भी पुलिस प्रशासन के हाथ कुछ नहीं लगा है.

ग़ौरतलब है कि राज्य में अपराधी एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस केवल जांच कर रही है. अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं और नीतीश सरकार केवल सुशासन का दावा कर रही है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+