सरकार बनने पर 7 करोड़ युवाओं को रोज़गार देने का मास्टर प्लान बना रही कांग्रेस
राजीव गांधी समकालीन अध्ययन संस्थान द्वारा 2019-24 के लिए रोजगार सृजन को लेकर रोड मैप तैयार किया गया है.
आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए सभी दलों ने अपनी कमर कस ली है. कांग्रेस ने तो रोज़गार के वादों पर पांच साल का मास्टर प्लान भी तैयार कर लिया है. दरअसल, राजीव गांधी समकालीन अध्ययन संस्थान द्वारा 2019-24 के लिए रोजगार सृजन को लेकर रोड मैप तैयार किया गया है. इसमें दावा किया गया है कि इसके द्वारा इन पांच सालों में सात करोड़ युवाओं को रोज़गार दिया जाएगा.
इक्नॉमिक टाइम्स के अनुसार इस आतंरिक रोड मैप को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के पास भेजा गया है. रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में 2.49 करोड़ लोग रोज़गार की तलाश में हैं और 2019 से 2024 के बीच लगभग 4 करोड़ 70 लाख लोग जॉब मार्केट में शामिल हो जाएंगे. इस प्रकार 7 करोड़ से अधिक रोज़गार सृजन की आवश्यकता होगी.
रिपोर्ट में कहा गया है कि जब हम नए उद्यमियों को बेरोज़गारों के बैकलॉग के लिए एक नीतिगत सफलता का लक्ष्य दे रहे हैं तो आने वालों पांच सालों में सात करोड़ नई नौकरियां पैदा करने की आवश्यकता होगी. ऐसा होता है तो प्रति वर्ष 3.2 प्रतिशत के वृद्धि दर के साथ रोज़गार सृजन होंगे, जो पिछले आठ सालों में 0.8 प्रतिशत से लेकर 1.2 प्रतिशत तक रहा है.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह बस शुरुआत है. इसके क्रियान्यवन के लिए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की ज़रूरत पड़ेगी. इस सब के लिए गहरी सोच की आवश्यकता है.