May a good source be with you.

बिहारः 400 छात्रों की संख्या वाले स्कूल को नहीं मिली सरकारी मान्यता, छात्राएं कर रही भूख हड़ताल पर बैठने की तैयारी

छात्राओं का कहना है कि मुख्यमंत्री ने मान्यता दिलाने का वादा किया था, लेकिन अब तक वादा पूरा नहीं किया है.

बिहार के पश्चिम चंपारण ज़िले में सालों पहले बना कस्तूरबा कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय सरकार से मान्यता पाने को तरस रहा है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वादे के बावजूद भी अभी तक इसे मान्यता नहीं मिली है. यहां की छात्राओं ने अब सीएम नीतीश को पत्र लिखकर भूख हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है.

ईनाडु इंडिया की ख़बर के अनुसार स्कूल के प्राचार्य का कहना है कि ज़िले में स्कूल बनाने के लिए स्थानीय लोगों ने ज़मीन दी थी. लेकिन, स्कूल के निर्माण के लिए राशि नहीं मिली. जिसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर स्कूल का निर्माण करवाया था. लेकिन, सालों बाद भी अब तक स्कूल को मान्यता नहीं मिली है.

स्कूल को मान्यता देने की मांग को लेकर छात्राएं आंदोलन करने को तैयार हैं. छात्राओं ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तीन सूत्री मांगें रखी हैं. स्कूल की छात्रा कौशकी कुमारी ने कहा कि स्कूल में 400 लड़कियां नि:शुल्क पढ़ाई करती हैं, लेकिन स्कूल को मान्यता न होने के कारण फॉर्म भरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. छात्राओं का कहना है कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि बेटी पढ़ेगी, बेटी बढ़ेगी तो हम भी तो बेटियां हैं. फिर हमारा क्या कसूर है जो हमारे स्कूल को मान्यता नहीं दी जा रही है.

स्कूल की अन्य छात्राओं का कहना है कि बीते 20 नवंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्कूल को मान्यता दिलाने का वादा किया था, लेकिन यह वादा अभी तक पूरा नहीं हुआ.

इस स्कूल को मान्यता दिलाने के लिए छात्राएं  आगामी 30 जनवरी को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करेंगी. साथ ही छात्राओं ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगी.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+