May a good source be with you.

चौकीदार चोर ही नहीं, चम्पक भी है: JNU के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया ने PM मोदी पर साधा निशाना

कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को जेएनयू में कथित देश विरोधी नारेबाजी में चार्जशीट दायर करने में नियमों के उल्लंघन के लिए फटकार लगाई है.

पटियाला हाउस कोर्ट द्वारा दिल्ली पुलिस को मिले फटकार के बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है. कन्हैया ने कहा है कि चौकीदार चोर ही नहीं, चम्पक भी है.

दिल्ली पुलिस ने जेएनयू में कथित देश विरोधी नारेबाजी मामले में चार्जशीट दाखिल किया था. इस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने दिल्ली सरकार की अनुमति लिए बिना चार्जशीट दायर करने के लिए दिल्ली पुलिस को फ़टकार लगाई.

कोर्ट की फटकार पर कन्हैया कुमार ने ट्वीट के जरिए दिल्ली पुलिस और मोदी सरकार पर हमला किया. कन्हैया कुमार ने ट्विटर पर लिखा, “पहले तो चार्जशीट में फ़र्ज़ी कहानी लिखवाने में तीन साल लगा दिए और फिर बिना कानूनी प्रक्रिया पूरी किए कोर्ट पहुंच गए. लगता है देश की अदालत और टीवी वाली ‘आप की अदालत’ को एक जैसा समझ लिया. चौकीदार चोर ही नहीं, चम्पक भी है.”

ज्ञात हो कि पटियाला हाउस कोर्ट ने सवाल किया कि पुलिस ने चार्जशीट दाखिल करने से पहले दिल्ली सरकार से मंजूरी क्यों नहीं ली गई. कोर्ट ने कहा कि जब तक दिल्ली सरकार इस मामले में आरोप पत्र दाखिल करने की पुलिस को इजाजत नहीं देती, तब तक अदालत इस पर संज्ञान नहीं लेगी.

कोर्ट की फटकार के बाद दिल्ली पुलिस ने कहा कि वह अगले 10 दिनों में सरकार से अनुमति ले लेगी. अदालत ने मामले की सुनवाई 6 फरवरी तक के लिए टाल दी है. बता दें कि दिल्ली पुलिस ने बीते दिनों जेएनयू के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार समेत 10 अन्य लोगों के ख़िलाफ़ देशद्रोह के आरोप में चार्चशीट दाखिल की थी.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+