बिहार के CM नीतीश कुमार ने प्रदर्शनरत रसोइयों को धमकाया- मेरा बस चले तो मिड-डे मिल योजना को ही बंद करा दूं
रसोइया संघ अपना वेतन 18 हज़ार करने की मांग को लेकर लंबे समय से प्रदर्शन कर रहा है.
बिहार में रसोइया संघ से जुड़ी महिलाओं के प्रदर्शन पर भड़के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में मिड-डे मील योजना को बंद करने की धमकी दे दी है. प्रदेश की रसोईया अपना वेतन बढ़ाने के लिए लंबे समय से प्रदर्शन कर रही हैं.
ईनाडु इंडिया की ख़बर के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीतामढ़ी ज़िले में एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे. तभी, अचानक रसोइया संघ की महिलाओं ने दैनिक मजदूरी में बढ़ोतरी और न्यूनतम वेतन 18 हज़ार करने की मांगों को उठाया. मांगे पूरी न होने से आक्रोशित महिलाओं ने सरकार के ख़िलाफ़ रोटी हाथ में लेकर जमकर नारेबाजी की. रसोइया संघ के इस प्रदर्शन से मुख्यमंत्री नाराज हो गए और उन्होंने कहा कि अगर हमारा बस चलता तो मिड-डे मिल योजना को ही बंद कर देते.
उन्होंने आगे कहा कि योजना की जगह बच्चों के खाते में पैसे भेज देते और बच्चे घर से खाना खा कर स्कूल जाते. नीतीश कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि आप किसी के बहकावे में मत आएं, वरना नुकसान उठाइएगा. हमें चुनाव नतीजों की परवाह नहीं है, लेकिन किसी कार्यक्रम में हंगामा करना ठीक नहीं है.
ग़ौरतलब है कि बिहार में रसोइया संघ की महिलाएं लंबे समय से न्यूनतम वेतन 18 हज़ार करने की मांग को लेकर राज्य सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर चुकी हैं. लेकिन, राज्य के मुख्यमंत्री उनकी मांगों पर ध्यान देने के बजाय उनका रोज़गार छिनने की धमकी दे रहे हैं.