“बदल दो, बदल दो, दिल्ली की सरकार बदल दो” महा रैली में ममता बनर्जी की हुंकार
ममता बैनर्जी ने कहा कि मोदी सरकार ने सीबीआई के सम्मान को खत्म कर दिया है.
कोलकाता में विपक्षी एकजुटता महा रैली के दौरान शनिवार ममता बनर्जी ने मंच से ‘बदल दो, बदल दो, दिल्ली की सरकार बदल दो’ का नारा दिया. बैनर्जी ने मोदी जी के राजनितिक नीतियों पर टिप्पणी करते हुए कहा, “राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज और नितिन गडकरी को भाजपा में नजरअंदाज किया गया, अगर पार्टी लोकसभा चुनाव जीतती है तो उन्हें फिर से नजरअंदाज किया जायेगा.”
एनडीटीवी की एक खबर के मुताबिक़ ममता बैनर्जी ने रैली के दौरान हाल ही में सीबीआई को लेकर हो रहे विवाद को लेकर कहा कि मोदी सरकार ने सीबीआई के सम्मान को खत्म कर दिया है. उन्होंने आगे कहा, “हमारे गठबंधन में सभी नेता हैं. अब भाजपा के अच्छे दिन नहीं आने वाले हैं. दिल्ली की सभी सीटों पर भाजपा की हार होगी. अगर भाजपा देश में दोबारा आती है तो देश का नुकसान होगा.”
ज्ञात हो कि 19 जनवरी को कोलकाता में हुए महा रैली में विपक्षी पार्टियों ने एक साथ मिलकर मोदी सरकार पर सीधा हमला किया. कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हुए इस रैली में करीब 20 लाख लोग शामिल हुए. इस रैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, अरुण शौरी एवं अन्य कई नेता शामिल हुए.