उत्तरप्रदेशः योगी सरकार के दावों की खुली पोल, नहरों की सफाई न होने से किसानों की फसल बर्बाद
किसानों का कहना है कि खेतों तक पानी पहुंचाने की वज़ह से गेंहू और गन्ने की फ़सल खराब हो रही है.
उत्तर प्रदेश के लखीमपुरखीरी ज़िले की नहरों की साफ-सफाई और मरम्मत पर योगी सरकार लाखों रुपए खर्च करने के दावें कर रही है. लेकिन सच्चाई यह है कि न नहरों की साफ-सफाई हुई है और न ही नहरों तक पानी पहुंचा है. जिसकी वजह से ज़िले के किसानों की खेती बर्बाद हो रही है.
हिंद किसान की रिपोर्ट के अनुसार लखीमपुर में 118 किमी के रजवाहें और 183 नहरों की साफ-सफाई के लिए 1 करोड़ 19 लाख रुपए आवंटित किए गए थे. लेकिन बावजूद इसके नहरों की साफ-सफाई के हालत खस्ता हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि इतनी बड़ी राशि आवंटित होने के बाद भी नहरों की सफाई क्यों नहीं हुई.
किसानों का कहना है कि नहरों की सफाई नहीं हुई और न ही उनके खेतों तक पानी पहुंचाने की कोई व्यवस्था है. जिसकी वज़ह से गेंहू की खेती सूख रही है और गन्ने की फ़सल भी खराब हो रही है. किसानों ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि वह जल्द से जल्द नहरों की साफ-सफाई करवाएं और खेतों तक पानी पहुंचाया जाए.
वहीं दूसरी तरफ अधिशासी अभियंता ओमप्रकाश शर्मा ने इस विषय में कहा कि नहरों की सफाई का जो लक्ष्य रखा गया था वह पूरा किया गया है. नहरों की सफाई की गई है, अगर किसी को कोई शिकायत है तो आकर हमें बताए हम जांच करेंगे, कि किन नहरों की साफ-सफाई नहीं हुई है.