May a good source be with you.

गरीबों के लिए चलाई गई आयुष्मान भारत योजना का लाभ उठा रहे हैं भाजपा सांसद और उनके परिवार

लाभार्थी सूची में राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल और उनके विधायक बेटे नितिन अग्रवाल समेत परिवार के कई लोगों के नाम शामिल हैं.

गरीबों के स्वास्थ्य कल्याण के लिए शुरू हुई मोदी सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी योजना ‘आयुष्मान भारत’ का लाभ भाजपा नेता और उनके परिवार वाले उठा रहे हैं. ‘जनसत्ता’ के मुताबिक़ उत्तर प्रदेश के हरदोई ज़िला में जायज पात्रता वाले लोगों की जगह सूची में राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल और उनके विधायक बेटे नितिन अग्रवाल समेत परिवार के कई लोगों के नाम शामिल हैं. यही नहीं शहर के प्रमुख डॉक्टर राजेंद्र दत्त मिश्रा और उनके कारोबारी भाई तक को अयुष्मान भारत के लाभार्थियों की सूची में शामिल किया गया है.

दरअसल, इस योजना को लेकर जानकारी मिली है कि लाभार्थियों को लेकर जो सूची तैयार की गई है उसमें बीपीएल श्रेणी से ऊपर वाले लोग भी शामिल हैं. इस खुलासे के बाद इस योजना के उद्देश्यों पर सवाल खड़े हो गए हैं.

जानकारी के अनुसार 2011 की जनगणना के मुताबिक गरीबी रेखा की सूची के आधार पर इस योजना की पात्रता सूची तैयार की गई है. लेकिन सही मायने में पात्र गरीब लोगों को वंचित करके बड़े कारोबारियों, डॉक्टरों और नेताओं को शामिल किया गया है.

हालांकि, आयुष्मान योजना की लिस्ट में नाम शामिल होने पर विधायक नितिन अग्रवाल ने सीएमओ को योजना से नाम हटाने के लिए पत्र लिखा है.

इस गड़बड़ी के सामने आने के बाद से स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ गई है. सीएमओ डॉक्टर एसके रावत ने बताया कि “मामले की जांच की जा रही है. जिन लोगों ने भी लापरवाही की है उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.सूची में पात्र लोगों को ही रखा जाएगा.” एसके रावत के मुताबिक संबंधित जानकारी निदेशालय को भेज दी गई है.

बता दें कि मोदी सरकार ने अपनी सबसे महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत योजना एक हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम है, जो शुरू हो चुकी है, जिसके पहले चरण में देश के 10 करोड़ गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ बीमा मुहैया कराया जा रहा है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+