चिदंबरम का मोदी सरकार पर हमला, कहा- राफ़ेल विमानों की जरूरत को नकार कर किया राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता
पी चिदंबरम ने कहा कि मोदी सरकार ने 36 राफ़ेल विमान ही क्यों खरीदे, जबकि वायु सेना को 126 विमानों की जरूरत थी.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने शुक्रवार को मोदी सरकार पर राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने का आरोप लगाते हुए पूछा कि जब वायुसेना को 126 राफ़ेल विमानों की जरूरत थी तो सरकार ने केवल 36 विमानों की खरीद क्यों की.
चिदंबरम ने एक ट्वीट में कहा,‘द हिंदू’ में आए नए तथ्यों और खुलासों के जरिए एक गंभीर और बड़ा सवाल यह है कि सरकार ने 36 राफ़ेल विमान ही क्यों खरीदे, जबकि वायु सेना को 126 विमानों की जरूरत थी.
उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने वायु सेना की 7 स्क्वाड्रन (126 विमान) की जरूरत को नकार कर राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता किया है. जिसकी उन्हें सख्त जरूरत है.
कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी मोदी से विमान की बढ़ती लागत पर जवाब मांगने के लिए ट्विटर का सहारा लिया. उन्होंने पूछा कि 36 राफ़ेल खरीदने के लिए पीएम के एकतरफा फ़ैसले से प्रति जेट 41.42% की कीमत बढ़ गई. प्रधानमंत्री कब जवाब देंगे?
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित