विपक्ष की महारैली में शामिल हो सकते हैं भाजपा के बागी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी के भी पहुंचने की अटकलें
19 जनवरी को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आह्वान पर विपक्षी दल एकजुट हो रहे हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के ख़िलाफ़ खुलकर बोलने वाले भाजपा के बागी नेता सांसद शत्रुघ्न सिन्हा 19 जनवरी को होने वाली तृणमूल कांग्रेस की महारैली में शिरकत कर सकते हैं.
जनसत्ता के मुताबिक, खबरें यह भी हैं कि भाजपा के बागी नेता यशवंत सिन्हा, अरुण शौरी इस रैली का हिस्सा बन सकते हैं. वहीं, विपक्षी खेमे से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, आरएलडी के अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह, जयंत चौधरी और शरद यादव शामिल होंगे. बताया जा रहा है कि रैली में यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शिरकत नहीं कर पाएंगे. हालांकि, कांग्रेस की तरफ से वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे.
शत्रुघ्न सिन्हा ने नोटबंदी सहित कई मौकों पर प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार के ख़िलाफ़ जमकर हमला किया है. हाल ही में एक टीवी कार्यक्रम में उन्होंने संकेत दिए हैं कि वह कांग्रेस की टिकट पर पटना साहिब और वाराणसी दोनों सीटों से चुनाव लड़ सकते हैं. वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती देने की उनकी योजना है.