कोलकाता में महारैली को राहुल का समर्थन, बोले- देश को बचाने के लिए विपक्ष एकजुट
शनिवार 19 जनवरी को कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आह्वान पर विपक्ष की महारैली का आयोजन किया जा रहा है.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 19 जनवरी को कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आह्वान पर होने वाली विपक्ष की रैली को अपना पूरजोर समर्थन दिया है. उन्होंने एक पत्र लिखकर इस रैली को अपना समर्थन दिया है.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लिखे अपनी चिट्ठी में उन्होंने लिखा है, “देश के करोड़ों लोग मोदी सरकार के झूठे वादों से नाराज़ हैं. देश की जनता अब बेहतर भविष्य की राह देख रही है. एक ऐसे भविष्य की तलाश देश कर रहा है, जहां जाति-धर्म-आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव के बग़ैर हर स्त्री-पुरूष को उसका अधिकार मिल सके.”
आगे कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखा- “आज देश का पूरा विपक्ष एकजुट है. हम सभी मानते हैं कि मोदी सरकार द्वारा देश के लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और धर्म-निरपेक्षता को नुकसान पहुंचाया जा रहा है. हम भारत के विचारों की रक्षा करने में पश्चिम बंगाल की जनता की सराहना करते हैं. मैं ममता दी की इस एकता की पहल को अपना समर्थन देता हूं और उम्मीद करता हूं कि हम सभी लोग यहां से भारत की एकजुटता का संदेश दे पाएंगे.”
Congress President Rahul Gandhi writes a letter to West Bengal CM Mamata Banerjee (TMC) extending support. letter reads, "The entire opposition is united…. I extend my support to Mamata Di on this show of unity & hope that we send a powerful message of a united India together," pic.twitter.com/Qe3YmZZE4I
— ANI (@ANI) January 18, 2019
शनिवार को प.बंगाल की मुख्यमंत्री ने विपक्षी एकजुटता दिखाने के लिए महारैली का आह्वान किया है. नवभारत टाइम्स के मुताबिक इस रैली में कांग्रेस पार्टी की तरफ से लोकसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हिस्सा लेंगे. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव इसमें शरीक होंगे, वही बसपा प्रमुख मायावती इस कार्यक्रम में अपना प्रतिनिधि भेजेंगी. इसमें अभी तक 19 क्षेत्रीय दलों ने भाग लेने की सूचना है.
बता दें कि कोलकाता से विपक्षी एकता का संदेश देने की कोशिश की जा रही है, ग़ैर-भाजपाई दलों की यह एकजुटता भाजपा और नरेन्द्र मोदी के लिए 2019 की राह मुश्किल कर सकता है.