JNU विवाद: चार्जशीट दायर होने पर बोले कन्हैया- कोर्ट पर है भरोसा, मोदी सरकार की साजिशों का होगा पर्दाफाश
कन्हैया कुमार ने दिल्ली पुलिस द्वारा दायर चार्जशीट को सरकार का चुनावी स्टंट करार दिया है.
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने उनके ख़िलाफ़ चार्जशीट दाखिल करने पर दिल्ली पुलिस और मोदी सरकार पर तंज कसा है. कन्हैया ने तीन साल बाद चार्जशीट दायर करने के लिए दिल्ली पुलिस और मोदी सरकार का शुक्रिया.
दरअसल, दिल्ली पुलिस ने कन्हैया कुमार के ख़िलाफ़ जेएनयू कैंपस के भीतर कथित देशविरोधी नारेबाजी के आरोप में बीते सोमवार को चार्जशीट दाखिल की. इस विषय में बात करते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि उन्हें इस मामले में कोई जानकारी नहीं मिली है. लेकिन अगर ये सच है तो दिल्ली पुलिस को सबूत देने चाहिए.
ईनाडु इंडिया से बातचीत में कन्हैया ने कहा कि उन्हें भारत की न्याय प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है, कोर्ट में सरकार की साजिश का पर्दाफाश हो जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि जनता मोदी सरकार से परेशान हो गई है. मैं लगातार लोगों के बीच जा रहा हूं. हर जगह लोग पूछते हैं कि मोदी के 15 लाख रुपए वाले वादे का क्या हुआ? दो करोड़ नौकरी कहां हैं?
ज्ञात हो कि 9 फरवरी 2016 को जेएनयू कैंपस में कथित तौर पर अफजल गुरू से संबंधित एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. जिसमें कैंपस के अंदर कथित तौर पर देश विरोधी नारे लगाने का मामला सामने आया था.