May a good source be with you.

महाराष्ट्र में 70 साल के बुजुर्ग की मॉबलिंचिंग, पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित के एक रिश्तेदार ने वसई पुलिस थाने में आरोपियों के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई.

महाराष्ट्र के पालघर ज़िले में मॉबलिंचिंग की घटना सामने आई है. 9 लोगों के समूह ने एक 70 साल के बुजुर्ग की पीट-पीट कर हत्या कर दी.

द ट्रिब्यून के मुताबिक वसई गांव के रंगांव इलाके में शुक्रवार शाम को हुई  इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस ने कहा कि पीड़ित रामचंद्र राउत को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.

पालघर ज़िला ग्रामीण पुलिस के प्रवक्ता हेमंत कुमार कटकर ने कहा आरोपी शुक्रवार की शाम को बुजुर्ग रामचंद्र राउत के घर आया और उनसे सवाल किया कि उन्होंने उनमें से कुछ के ख़िलाफ़ कबूतर चोरी की शिकायत क्यों दर्ज कराई. इनमें से एक शख्स ने कथित रूप से राउत का गला घोंटा और अन्य साथ के लोगों ने लात-घूंसों से उनकी ताबड़तोड़ पिटाई कर दी.

उन्होंने कहा कि राउत ने शुक्रवार सुबह ही पुलिस से चोरी की शिकायत की थी. वहीं घटना के बाद राउत के एक रिश्तेदार ने वसई पुलिस थाने में आरोपियों के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई.

आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले बिहार से भी मॉब लिंचिंग का एक मामला सामने आया था. बिहार के सीतामढ़ी में हुई हिंसा में एक बुज़ुर्ग को ज़िंदा जला दिया गया.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+