सौभाग्या योजनाः हर घर बिजली पहुंचाने वाले दावे में सीएम योगी की खुली पोल, बिना बिजली सप्लाई के घर पहुंचा मोटा बिल
योगी सरकार ने ट्वीट करते हुए लिखा कि सभी 75 जिलों में “सौभाग्य योजना” के तहत विद्युतीकरण पूरा किया गया.
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने सौभाग्य योजना के तहत सभी ज़िलों में बिजली पहुंचाने का दावा पेश किया था. लेकिन दावे की पोल तब खुली जब मीटर और खंभे लगने के बाद भी गांव में बिजली नहीं पहुंची. और चौंकाने वाली बात तब हुई जब बिना बिजली सप्लाई के ही ग्रामीणों को बिजली का बिल भी मिलने लगा.
दरअसल, योगी सरकार ने 31 दिसबर 2018 को ट्वीट करते हुए लिखा कि सभी 75 जिलों में “सौभाग्य योजना” के तहत विद्युतीकरण पूरा किया गया.
प्रदेश के सभी 2 लाख 84 हज़ार मजरों का हुआ विद्युतीकरण। प्रदेश के 75 ज़िलों के सभी मजरों एवं इच्छुक घरों का विद्युतीकरण पूर्ण। #SaubhagyaUP pic.twitter.com/P6A3JZXn70
— Government of UP (@UPGovt) December 31, 2018
‘सौभाग्य होगा हर घर’ गांव हो या शहर इस जुमले के साथ योगी सरकार ने बड़े-बड़े बैनर-पोस्टर तो लगा दिए लेकिन योजना की जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है.
हिंद किसान की रिपोर्ट के अनुसार श्रावस्ती, रानीपुर गांव, तिलकपुर दर्जी और अंबेडकर नगर समेत कई गांवों में बिजली के नाम पर केवल तार, खंभे और मीटर उपलब्ध है.
ग्रामीणों का कहना है कि घरों में मीटर तो लगा दिए हैं लेकिन बिजली विभाग लाइट देना भूल गया है. यहीं नहीं बिना बिजली के ही ग्रामीणों के घर बिल आने लगा है. रंभा देवी ने बताया कि बिना बिजली के ही उनका 13 हज़ार का मोटा बिल आ गया.
वहीं जब इस पूरे मामले पर प्रशासन से सवाल किया गया तो उन्होंने बिजली बिल माफ़ करने की बात कह कर अपना पल्ला झाड़ लिया.